एमजीएम कालेज में संगोष्ठी का आयोजन

इटारसी। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन पर शासकीय महात्मा गांधी स्मृति महाविद्यालय में आधुनिक भारत और पं. जवाहरलाल नेहरू पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अथिति एसडीओ राजस्व हरेंद्रनारायन थे। अध्यक्षता जनभागीदारी समिति अध्यक्ष राजकुमार केलू उपाध्याय, विशेष अथिति नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, शिक्षाविद केएस उप्पल, प्रभारी प्राचार्य राकेश मेहता उपस्थित थे।
अथितियों ने सरस्वती जी का पूजन और पं. नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण किया। एसडीओ राजस्व हरेंद्रनारायन ने पं. नेहरू के कार्यकाल पर प्रकाश डालते हुए छात्र छात्राओं को कहा कि इन महापुरुषों को देखकर हमें यह सीखना चाहिये कि कार्य या व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता, महत्वपूर्ण यह है कि हम कार्य या लक्ष्य के प्रति कितने लगनशील, ईमानदार, प्रयत्नशील हैं। डॉ उप्पल ने पं. नेहरू की जीवनी पर प्रकाश डाला।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर ने कहा कि पं. नेहरू आधुनिक भारत के विश्वकर्मा थे। उन्होंने विभिन्न धर्म, जाति, संस्कृतियों के इस देश को एकता के सूत्र में पिरोकर इस धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र की स्थापना की। अध्यक्षीय उद्बोधन में राजकुमार उपाध्याय ने कहा कि पं. नेहरू भारत की आत्मा हंै। उन्हें आधुनिक भारत के निर्माण के शिल्पी के रूप में हमेशा याद किया जाता रहेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में अनुशासित रहने की सीख दी। भारतीय छात्र संगठन द्वारा कालेज में गांधी जी की प्रतिमा लगाने की मांग पर शीघ्र ही प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया। स्वागत भाषण प्रभारी प्राचार्य राकेश मेहता, संचालन एकता मालोनिया व आभार प्रदर्शन प्रो.ओपी शर्मा ने किया।

CATEGORIES
TAGS
Share This
error: Content is protected !!