कलेक्टर ने बानापुरा मंडी का किया औचक निरीक्षण

होशंगाबाद। कलेक्टर प्रियंका दास ने सिवनीमालवा भ्रमण के दौरान बानापुरा कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण कर मूंग खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मूंग खरीदी की प्रक्रिया की जानकारी ली एवं नीलामी का अवलोकन किया। उन्होंने मंडी सचिव को निर्देशित किया कि वे मंडी के शेड में जहां खरीदी की जा रही है वहां सीसीटीवी कैमरा लगवायें। सीसीटीवी कैमरा की फुटेज सुरक्षित रखें। खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे के दायरे में होनी चाहिए। उन्होंने किसानों को प्रदान की जाने वाली तौल पर्ची एवं अनुबंध पर्ची का अवलोकन किया। कलेक्टर ने मंडी में स्थित तौल कांटे का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। वहां उपस्थित किसानों ने मांग की कि तौल कांटे का डिस्प्ले इस तरह रखा जाए कि किसान भी उसे देख सके। कलेक्टर ने तत्काल कर्मचारियों को यह व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मंडी में उपस्थित एक किसान ने कलेक्टर को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि पोर्टल पर उनकी फसल का पूरा रकबा नहीं दिखाई दे रहा है। कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देशित किया कि वे इस तकनीकी समस्या का निराकरण करायें। कलेक्टर ने मंडी सचिव को प्रतिदिन होने वाली मूंग खरीदी की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने तथा मूंग की औसत दर के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिव को मंडी में किसानों के लिए भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!
%d bloggers like this: