कल से सारे शहर को एक साथ मिलेगा पानी
कल से सारे शहर को एक साथ मिलेगा पानी
इटारसी। नगर पालिका के जल विभाग द्वारा शहर में अलग-अलग समय पर की जाने वाली पेयजल आपूर्ति के समय में बदलाव किया गया है। नपा के जल विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब इटारसी शहर और पुरानी इटारसी को एक साथ एक समय पर पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। हालांकि इसमें नलकूपों से की जाने वाली सप्लाई प्रभावित नहीं होगी और स्थानीय समय अनुसार ही वहां पेयजल वितरण होगा।
अब तक पुरानी इटारसी में सुबह 11 से 12 बजे और बाजार क्षेत्र में सुबह 6 से 7 बजे के मध्य पेयजल आपूर्ति होती थी। शुक्रवार से दोनों जगह सुबह 7 से 8 बजे तक वाटर सप्लाई की जाएगी। पीपल मोहल्ला की दोनों टंकियों से बाजार क्षेत्र के लाइन एरिया, सूरजगंज, मालवीयगंज, राज टाकीज के पास, नेहरुगंज, खेड़ा, गांधीनगर, बंगाली कालोनी सहित पुरानी इटारसी में पेयजल आपूर्ति की जाती है। यहां दो लाख गैलन की एक और दूसरे 80 हजार गैलन की पेयजल टंकी हैं। नगर पालिका वर्तमान में प्रति व्यक्ति 80 लीटर प्रतिदिन पानी की आपूर्ति शहर के लगभग 10 से 12 हजार परिवारों को करती है।