इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर जोन के महाप्रबंधक गिरीश पिल्लई ने आज यहां रेलवे स्टेशन सहित रेलवे परिसर स्थित आफिसों का निरीक्षण किया। जीएम श्री पिल्लई ने प्लेटफार्म 1 पर स्थित एक्सपे्रस फूड का खानपान रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद वे बारह बंगला तरफ हाल ही में बने टिकट विन्डो देखने गए और यहां से नयायार्ड स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड पहुंचे। नयायार्ड स्थित सिमुलेटर सेंटर का निरीक्षण किया। श्री पिल्लई की अगवानी करने भोपाल मंडल रेल प्रबंधक शोभन चौधुरी, सीनियर डीसीएम विनोद तमोली सहित मंडल के तमाम अधिकारी इटारसी स्टेशन पर मौजूद थे।
नयायार्ड स्थित विद्युत लोको शेड में बना सिमुलेटर सेंटर लोको पायलट का एक ट्रेनिंग सेंटर है जहां लोको पायलेट को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पायलट को लोको ड्रायविंग का यहां वास्तविक अनुभव होगा। यहां लोको फेल्युअर, डिफरेंट सिचुएशन में कैसे काम करें, जैसी बातों की ट्रेनिंग दी जाएगी। करीब दस करोड़ की लागत से बना पश्चिम मध्य रेलवे जोन का यह पहला ट्रेनिंग सेंटर है।
दो प्लेटफार्म बढ़ेंगे
इटारसी रेलवे स्टेशन पर दो प्लेटफार्म और बढ़ेंगे, इसमें एक 8 नंबर प्लेटफार्म वर्तमान प्लेटफार्म क्रमांक एक से लगकर शहर तरफ बनेगा और दूसरा होम प्लेटफार्म होगा जो वर्तमान रेलवे की मुख्य बिल्डिंग के पास बनेगाजो होम प्लेटफार्म कहलाएगा जिस पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज की जरूरत नहीं होगी। यह सीधे शहर से जुड़ा होगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन का भवन अत्याधुनिक होगा। भविष्य की इस योजना की जानकारी आज जीएम गिरीश पिल्लई ने मीडिया को दी।
जीएम ने कहा कि यह न सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि देश का महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है तो देश के महानगरों से रेलमार्ग के जरिए सीधा जुड़ा है। इसके अपग्रेडेशन की काफी जरूरत है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक के बाहर नया स्टेशन भवन, 8 और 9 नंबर प्लेटफार्म बनाने की योजना भी जीएम ने बतायी।

ऐसा होगा भविष्य का स्टेशन
वर्तमान में रेलवे के भवन के स्थान पर नया अत्याधुनिक भवन होगा, इसे रीडवलपमेंट किया जाएगा। वाहन स्टेंड के सामने गेट से प्रवेश और गेट के दाहिने हिस्से में दीवार के सहारे पौधरोपण करके सौंदर्यीकरण होगा। प्लेटफार्म 1 के दूसरी तरफ बाहर की तरफ प्लेटफार्म 8 और जहां वर्तमान में स्टेशन बिल्डिंग है, वहां प्लेटफार्म 9 होगा। यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफाम पर जाने के लिए और प्लेटफार्म से बाहर आने अभी एक ही फुट ब्रिज है, पश्चिमी हिस्से में एक और एफओबी होगा, प्लेटफार्म क्रमांक 2 और 3 की चौड़ाई वर्तमान में कम लग रही है, भविष्य में इन दोनों ही प्लेटफार्म की चौड़ाई और अधिक बढ़ाई की योजना पर काम होगा
इन सवालों पर आए ये जवाब
नागपुर-भुसावल पैसेंजर को प्रतिदिन करने के सवाल पर जीएम ने कहा, इसके लिए सेंट्रल रेलवे से बात करना पड़ेगी। आजकल डीजल लोको खत्म होते जा रहे हैं, ऐसे में डीजल शेड के भविष्य के सवाल पर जीएम श्री पिल्लाई ने कहा, डीजल लोको खत्म होने पर वहां इलेक्ट्रिक लोको के लिए सुविधाएं बढ़ाकर स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे एसी लोको का मेंटेनेंस कर सकें। इटारसी और भोपाल के बीच मेमू ट्रेन की संभावना पर कहा, इटारसी-भोपाल का घाट सेक्शन काफी मुश्किल है। रेलवे की फिलहाल मेमू ट्रेन को यहां चलाने की योजना नहीं है।
पश्चिम मध्य रेलवे मजदू संघ ने दिया ज्ञापन
जीएम के आगमन पर पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ ने उनसे चर्चा कर मुख्यालय संयोजक आरके यादव के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। मदों पर चर्चा के दौरान जीएम ने आश्वासन दिया है कि इटारसी को जोनल प्रशिक्षण केन्द्र की सौगात दी जाएगी। इंजीनियरिंग विभाग में पेट्रोलिंग हेतु ठेकेदार के कर्मचारी नहीं लगाएंगे, मिडघाट ड्यूटी जाने हेतु 11077 के हाल्ट पर विचार होगा, डीजल शेड के कर्मचारियों को बिना प्रशिक्षण एसी लोको का मेंटेनेंस नहीं कराया जाएगा।
इस अवसर पर संध के भूमेश माथुर, सरताज हुसैन, महाकालेश्वर, जगदीश जुनानिया, भगवती वर्मा, पीएल मीना, केएस चौहान, संजय केचे, अभिमन्यु, सुनील कुमार, पीपी मौर्य, अशोक दुबे, संतोष चतुर्वेदी, कुंदन आगलावे, अर्जुन ऊंटवार सहित अनेक कर्मचारी नेता मौजूद थे।

ट्रेनों के स्टॉपेज व सुविधाएं बढ़ाने की मांग की
होशंगाबा पहुंचे जीएम के समक्ष व्यापारी महासंघ होशंगाबाद ने भी ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी। संगठन के सचिव और भाजपा नगर अध्यक्ष मनोहर बडानी ने व्यापारी महासंघ एवं भाजपा मंडल की ओर से जीएम गिरीश चिल्लई को पश्चिम मध्य रेल्वे के ए-ग्रेड होशंगाबाद स्टेशन पर यात्री रेल सुविधाओं के लिए आवेदन सौंपा।
ज्ञापन में होशंगाबाद स्टेशन पर 18243-44 भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस, 18245-46 बिलासपुर-बीकानेर,11203-04 नागपुर-इंदौर त्रिशताब्दी, 12589-90 राप्ती सागर एक्सप्रेस, 12617-18 मंगला एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग की। स्टेशन पर यात्रियों को रेल सुविधाओं में विस्तार के लिए शेड का विस्तार करने, आरक्षण कार्यालय अन्य स्थान पर शिफ्ट करने, पूछताछ कार्यालय व्यवस्थित करने, स्टेशन रेल परिसर में सुलभ काम्पलेक्स का निर्माण, होशंगाबाद अंडर ब्रिज का कार्य शीघ्र चालू कराने तथा डबल फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का कार्य जल्द शुरू करने की भी मांग की।








