गांधी स्टेडियम की प्रतिमा के पास गंदगी का आलम

इटारसी। गांधी प्रतिमा के आसपास सफाई करने में नगर पालिका रुचि नहीं ले रही है। गुरुवार को जब मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग के सभापति राकेश जाधव ने देखा तो तत्काल सफाई कर्मचारियों को बुलाकर वहां सफाई करायी। हालांकि स्टेडियम में पहले एक कर्मचारी की ड्यूटी होती थी जिसका जिम्मा होता था कि वह सफाई व्यवस्था पर ध्यान दे। लंबे समय से यहां सफाई नहीं होने से धूल और गंदगी जम गयी थी।
गांधी स्टेडियम के पेवेलियन के प्रवेशद्वार के पास लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल के आसपास इन दिनों गंदगी की भरमार थी जो उनकी सफाई पसंद चरित्र का मजाक उड़ा रही थी। उनके नाम पर स्वच्छता अभियान पर भी यह प्रश्रचिह्न लगा रही थी। आजादी के लिए संघर्ष करने वाले महात्मा गांधी ने स्वच्छता पर भी जोर दिया था। उनके इस मिशन को वर्तमान में देश के प्रधानमंत्री ने आगे बढ़ाया है। शहर और गांवों में तेजी से स्वच्छता की अलख जगायी और लोग स्वच्छता का महत्व समझने लगे हैं। शहर में स्वच्छता के लिए जिम्मेदार नगर पालिका उनकी प्रतिमा के आसपास ही सफाई पर ध्यान नहीं दे रही है। गांधी स्टेडियम की दर्शक दीर्घा में तो गंदगी का अंबार रहता ही है, उनकी प्रतिमा के आसपास भी सफाई नहीं हो रही है। आसपास के दुकानदारों को भी जागरुक करने की जरूरत है जो वहां गंदगी के ढेर लगा रहे हैं जबकि नगर पालिका ने वहां डस्टबिन भी लगाए हैं। गांधी जी के तीन बंदर बने हैं और वे भी गंदे हो रहे हैं। जिस दीवार पर चित्र बने हैं, उनका प्लास्टर भी गिरने लगा है। ऐसे में नगर पालिका को इस ओर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।

CATEGORIES
TAGS
Share This
error: Content is protected !!