गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव पर आयी यात्रा का स्वागत
इटारसी। सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरुनानक देव के 550 वे प्रकाशोत्सव के अवसर पर राष्ट व्यापी यात्रा का रविवार देर शाम नगर इटारसी में ऐतिहासिक स्वागत सिख समाज ने किया। यह यात्रा विदर्भ से इटारसी पहुंची थी।
हिन्दू धर्म की रक्षार्थ सिख पंथ की स्थापना करने वाले गुरुनानक देव की 550 वे प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा गुरुसिंघ सभा में धार्मिक कार्यक्रम चल रहे हैं। इसी अवसर पर विदर्भ से निकली यह यात्रा विभिन्न शहरों में होते हुए वापस विदर्भ में जाकर संपन्न होगी। इस प्रकाशोत्सव को यादगार बनाने के लिए ही यह यात्रा निकाली जा रही है। रविवार को देर शाम यह यात्रा इटारसी नगर पहुंची। यहां जयस्तंभ चौक से स्टेशन तिराहे होते हुए यात्रा गुरुद्वारा भवन पहुंची। यहां यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। इस यात्रा में धार्मिक बैंड की प्रस्तुति आकर्षक रही।
इस यात्रा में गुरुनानक देव जी झांकी भी रथ पर सजायी गई थी। गुरुद्वारा के प्रमुख द्वार पर स्थानीय साध संगत ने आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। गुरुद्वारा गुरुसिंघ सभा के प्रधान जसबीर सिंघ छाबड़ा सहित समूची साध संगत ने इस अवसर पर यात्रा का स्वागत किया।इसके विषय में जसपाल सिंघ भाटिया ने बताया कि समूचे हिन्दू समाज को जागरुक करने के लिए यह यात्रा निकाली गयी है।