गोली चालन में घायल युवक की हालत में सुधार
इटारसी। बीती रात एमईएस बैरियर के पास हुई गोली चालन की घटना में बारह बंगला निवासी मोंटी उर्फ आदित्य कलोते गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल में उपचार के बाद होशंगाबाद रैफर किया जहां उसकी हालत में सुधार है।
इटारसी नगर तथा अनुभाग में बढ़ते अपराध कम होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। आदर्श आचार संहिता के बावजूद शहर तथा आसपास गोली चालन जैसी घटनाएं हो रही हैं। इससे क्षेत्र की कानून व्यवस्था का हाल समझा जा सकता है। बीती रात करीब सवा आठ बजे पथरोटा थाना के आयुध नगर रोड पर स्थित एमईएस बैरियर के पास अचानक चलने की घटना के बाद वहां सनसनी फैल गयी। घटना में बारह बंगला चर्च के पास रहने वालो मोंटी उर्फ आदित्य कलोते घायल हो गया। उसकी दायीं भुजा में गोली लगी है। सूचना के बाद उसे तत्काल सरकारी अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद होशंगाबाद रैफर कर दिया। नर्मदा अस्पताल में पुलिस अधीक्षक एमएल छारी और घनश्याम मालवीय ने उसका हालचाल लिया। इधर पथरोटा थाना प्रभारी कंचन सिंह ने इस घटना के विषय में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।