इटारसी। मप्र विधानसभा के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर प्रेमसिंह तंवर की पत्नी से हुई लूट का जीआरपी ने खुलासा कर माल बरामद किया। मामले की विवेचना में जीआरपी ने बिहार किशनगंज की जहरखुरानी गैंग के 2 बदमाशों की निशानदेही पर सोने की चेन और मंगलसूत्र बरामद कर लिए हैं।
जीआरपी ने वारदात में शामिल किशनगंज निवासी मोहम्मद इब्राहिम और जुनैद आलम को गिरफ्तार किया है जबकि गिरोह का मास्टर माइंड मोहम्मद असगर अभी भी फरार है। आरोपी कोटा जेल में बंद थे इन्हें जीआरपी ने प्रोटेक्शन वारंट पर इटारसी लेकर आई थी। 14 मार्च तक मिली रिमांड में जीआरपी ने माल बरामद कर आरोपियों को वापस कोटा जेल भेजने की तैयारी कर ली है। आरोपियों ने लूट के लिए मंगला एक्सप्रेस में बकायदा एसी में रिजर्वेशन कराया था। 26 फरवरी 2018 को मंगला एक्सप्रेस के एसी बी-2 कोच में मप्र विस के पूर्व डिप्टी डॉयरेक्टर तंवर अपनी पत्नी व परिवार के साथ नासिक से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। आरोपी मोहम्मद इब्राहिम, जुनैद और उनका तीसरा साथी असगर भी उसी कोच में थे। आरोपियों ने महिला यात्री की पानी की बॉटल में नशीली दवा मिला दी। पीने के बाद महिला बेसुध हो गई। तब महिला के गले से सोने की दो चेन, सोने के दो मंगलसूत्र और पांच हजार रुपए ले गए थे। जीआरपी आरोपियों की तलाश कर रही थी। तभी किसी अन्य लूट के मामले मे कोटा जेल में बंद इन आरोपियों के बारे में जीआरपी को जानकारी मिली। जीआरपी ने प्रोटेक्शन वारंट लेकर अपनी कार्रवाई की।
मामले में आईओ श्रीलाल पड़रिया का कहना है कि आरोपियों के कोटा जेल में बंद होने की जानकारी मिली थी। प्रोटेक्शन वारंट पर आरोपियों को लेकर आए उनकी निशानदेही पर लूट का माल बरामद किया गया है। गिरोह के मास्टर माइंड की तलाश जारी है।
जहरखुरानी गैंग : दो सदस्यों से लूट का माल बरामद
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








