हुआ भव्य आयोजन
होशंगाबाद। पावन नर्मदा तट सेठानी घाट में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरे भक्तिभाव से मां नर्मदा जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनकी धर्म पत्नी श्रीमती साधना सिंह, म.प्र.विधानसभा के अध्यक्ष डॉ सीताशरण शर्मा, वन मंत्री श्री गौरीशंकर शेजवार, सोहागपुर विधायक श्री विजय पाल सिंह, पूर्व मंत्री श्री मधुकर राव हर्णे ने भी मां नर्मदा की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री अखिलेश खंडेलवाल, म.प्र. खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री शिव चौबे , म.प्र. बेयर हाउसिंग कारर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल, श्री हरिशंकर जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सेठानी घाट में कन्या पूजन कर तथा तट पर पूजन अर्चन कर माँ नर्मदा का अभिषेक किया। इस अवसर पर नर्मदाष्टक का पाठ किया गया तथा नर्मदा जी की आरती गाई गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उपस्थित लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि आज किसी के स्वागत करने की जरूरत नही है आज आवश्यकता है कि हम मॉ नर्मदा को प्रणाम करे क्योंकि माँ नर्मदा से बड़ा कोई नही है। माँ नर्मदा मध्यप्रदेश को जीवन देने वाली नदी हैं। माँ नर्मदा मध्यप्रदेश का भविष्य है। एक सेवक के नाते मेरी प्रार्थना है कि प्रदेश के साढ़े सात करोड़ लोगो को माँ नर्मदा सुखी रखे। सभी को सम्मान एवं सद्धबुद्धि देवे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने नर्मदा सेवा यात्रा एवं एकात्म यात्रा निकाली तो लोगो ने कहा कि यह सब करना मुख्यमंत्री का कार्य नही है, लेकिन हमने कहा कि हम बाकी कार्य के अलावा यह कार्य भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने एकात्म यात्रा को इतना सफल बनाया। श्री चौहान ने कहा कि आदि गुरू शंकराचार्य का अद्धैतवाद दर्शन अदभुत है। इस दर्शन से हर प्रकार के आंतकवाद, नस्लवाद का जबाव दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही चैतना सभी मनुष्यों में समान है कोई छोटा या बड़ा नही है।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगो का आव्हान किया कि वे संकल्प करे कि हर वर्ष खूब वृक्ष लगायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी व्यक्ति यह संकल्प करे कि वे कभी भी नर्मदा में प्रदूषित करने वाली सामग्री नही डालेंगे। हर बेटा एवं बेटी को पढ़ायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी यह संकल्प लें कि न दहेज देंगे और ना ही दहेज लेंगे। इस अवसर पर सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा ने कहा कि हर वर्ष की तरह जिले में नर्मदा जयंती का कार्यक्रम भव्य तरीके से मनाया जाता है। नर्मदा सेवा यात्रा में एवं एकात्म यात्रा में हम सभी ने बहुत से संकल्प लिये हैं। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा पूरे प्रदेश की जीवनदायनी नदी है। उन्होंने कहा कि आदि गुरू शंकराचार्य इस नदी के किनारे आए। डॉ.शर्मा ने बताया कि नर्मदा के किनारे-किनारे कटाव हो रहा है, इसे रोका जाए, इसके लिए भारत सरकार के सहयोग से सर्वे का कार्य किया जाए।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अखिलेश खंडेलवाल ने कहा कि मॉ नर्मदा में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। नर्मदा सेवा यात्रा एवं एकात्म सेवा यात्रा में मुख्यमंत्री ने नर्मदा से प्रदूषण दूर करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी नर्मदा में गंदगी न करे। श्री खंडेलवाल ने सभी लोगो से कहा कि वे मॉ नर्मदा के किनारे पौधे लगाने का संकल्प लें। नर्मदा जयंती के कार्यक्रम में हजारो आटे के बने दियो का दीपदान किया गया।







