नपा (NP Itarsi) के दो सौ से अधिक कर्मचारियों को नहीं मिली तनख्वाह

नपा (NP Itarsi) के दो सौ से अधिक कर्मचारियों को नहीं मिली तनख्वाह

राज्य शासन से नहीं आया चुंगी क्षतिपूर्ति (Octroi) का पैसा
इटारसी। नगर पालिका (Nagar Palika Itarsi) के दो सैंकड़ा से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों को रक्षाबंधन पर्व पर तनख्वाह नहीं मिली है। इसके पीछे फंड की कमी कारण बताया जा रहा है। हालांकि दैनिक वेतन भोगी, कम्प्यूटर आपरेटर, स्थायी कर्मियों और सफाई कर्मचारियों को वेतन का भुगतान हो चुका है। केवल नियमित कर्मचारी शेष रहे हैं।
नगर पालिका के दो सौ से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों का रक्षाबंधन बिना वेतन के बीता है। बताया जाता है कि राज्य शासन से चुंगी क्षतिपूर्ति (Octroi) की राशि नहीं आने के कारण यहां फंड की कमी हो गयी और नियमित कर्मचारियों का वेतन नहीं हो सका। नगर पालिका के पास जो राजस्व या अन्य संसाधनों से उपलब्ध राशि थी उससे मस्टर, सफाई कर्मियों, विनियमित कर्मचारियों, कम्प्यूटर आपरेटर्स का वेतन कर दिया है।

दो सैंकड़ा अब भी वेतन से वंचित
नगर पालिका के 219 रेग्यूलर कर्मचारी (Regular employe) वेतन से वंचित हैं। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि चुंगी क्षतिपूर्ति (Octroi) का जो पैसा शासन से आता था, उससे ही कर्मचारी-अधिकारियों का वेतन किया जाता था। इस माह अब तक शासन से पैसा नहीं आया तो कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़ गये। रक्षाबंधन पर्व सामने था, छोटे कर्मचारियों को त्योहार पर परेशानी न हो, इसके लिए जो राशि नगर पालिका के पास विभिन्न मद में उपलब्ध थी, इन कर्मचारियों को त्योहार के पूर्व वेतन का भुगतान कर दिया। अब रेग्यूलर कर्मचारियों को वेतन भुगतान करना रह गया है।

करीब 97 लाख रुपए आता है
प्रदेश शासन से चुंगी क्षतिपूर्ति (Octroi) का करीब 97 लाख रुपए आता है। इसी राशि से नगर पालिका के सभी प्रकार के कर्मचारियों का वेतन भुगतान किया जाता है। जिस माह ये राशि नहीं आती है, वेतन देने में अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जब ये पैसा देरी से आता है तो वेतन भी देरी से होता है। वर्तमान में नगर पालिका में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) भी नहीं है। प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आरके जोशी कामकाज देख रहे हैं। श्री जोशी का कहना है कि फंड की कमी होने से रेग्यूलर कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं किया जा सका है।

30 फीसद कम आ रही राशि
सूत्र बताते हैं कि नगर पालिका को करीब दो वर्ष पूर्व 1 करोड़ 35 लाख की चुंगी क्षतिपूर्ति राशि मिलती थी। लेकिन, शासन ने इसमें लगभग 30 प्रतिशत की कटौती कर दी। इसके बाद नगर पालिका में यह राशि 92 लाख रुपए आने लगी। पिछले वर्ष एक सभापति और तत्कालीन एकाउंट आफिसर ने प्रयास करके इस राशि को 97 लाख रुपए कराया और तब से अब तक यह राशि आ रही है। बताया जाता है कि नगर पालिका में सभी प्रकार के अधिकारियों और कर्मचारियों को जो वेतन भुगतान होता है, उसके लिए नपा को 93 लाख रुपए की आवश्यकता होती है।

इनका कहना है…!

फंड की कमी से रेग्यूलर कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं किया जा सका है। दैनिक वेतनभोगी, सफाई कर्मचारियों, मस्टर और कम्प्यूटर आपरेटर्स को रक्षाबंधन के पूर्व भुगतान किया जा चुका है।
आरके जोशी, प्रभारी सीएमओ (RK Joshi, CMO incharge)

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!