इटारसी। रविवार को दोपहर में दूसरी रिपोर्ट में आज के दिन का तीसरा कोरोना मरीज सामने आया है। अब यह संख्या पूरी दो दर्जन हो गयी है। सुबह की रिपोर्ट में दो मरीज नये बढ़े थे तो दोपहर में एक और पॉजिटिव आ गया। यह मरीज कस्बूरबा नगर का रहने वाला है। इस तरह अब यह संख्या 24 हो गयी। कस्तूरबा नगर का 47 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इसकी जांच एम्स भोपाल में हुई थी।
उल्लेखनीय है कि सुबह हाजी मंजिल और उससे आगे के मोहल्ले जमानी वालों की चाल से दो नये मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले थे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सुधीर जैसानी ने बताया कि अब कस्तूरबा नगर से एक नया मरीज सामने आया है। इस मरीज के मिलने के साथ ही शहर की चिंताएं बढ़ रही हैं। यह जो मरीज मिला है, वह हाजी मंजिल के ही एक किलोमीटर के दायरे का है। लेकिन, यह क्षेत्र नया है। सुबह से दो नये क्षेत्रों में मरीज मिले हैं। इस तरह से लग रहा है कि अभी कोरोना की चेन तोडऩे में काफी प्रयास करने होंगे। आमजन का मानना है कि अब छिपे लोगों को सामने आना चाहिए और जल्द से जल्द अपना उपचार कराना चाहिए। क्योंकि इस बीमारी के मरीज तेजी से ठीक भी हो रहे हैं, लेकिन, उपचार लेना जरूरी है।
शहर के लिए यह चिंता का विषय है कि पिछले दो दिनों से दो नये क्षेत्रों में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं। शनिवार को जहां नाला मोहल्ला से एक महिला मरीज मिली थी तो रविवार को सुबह जमानी वालों की चाल से नया मरीज मिला और दोपहर में कस्तूरबा नगर से। लगातार इस तरह की खबरें मिलने के साथ ही लोगों को चिंताएं बढ़ रही हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि चिंता की जरूरत नहीं, प्रशासन इसकी रोकथाम के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रहा है। बावजूद इसके अब आमजन को भी जागरुकता दिखानी होगी, तभी हम इसकी चेन तोड़ पाएंगे।
न्यूज अपडेट : एक और कोरोना पॉजिटिव मिलते ही दो दर्जन हुए


Rohit Nage
रोहित नागे वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार संपादक हैं, जिन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता में स्नातक किया है तथा लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, राज एक्सप्रेस, पीपुल्स समाचार, नवभारत सहित अनेक प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में रिपोर्टर, उप-संपादक, ब्यूरो प्रमुख एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य किया है। वे Narmadanchal.com के रिपोर्टर, उप-संपादक, एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य कर रहे हैं और नर्मदांचल क्षेत्र की निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय समाचारों पर विशेष रूप से लेखन एवं संपादन कार्य कर रहे हैं।
Advertisement









