इटारसी। कांग्रेस के राज में किसानों को नहरों से पानी नहीं मिलता था, अब टेल एरिए के किसान भी तीन फसलें ले रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जिले में 2200 करोड़ से नहरों की लाइनिंग पूरी कराई, यह मेरा सपना था। अब जल्द ही पीएम ग्रामीण सड़क योजना में जिले की नहरों से लगी सड़कों का पक्का निर्माण होगा। दूसरे फेज में सरकार ने इसकी सैद्धांतिक मंजूदी दे दी है। यह बात सांसद राव उदयप्रताप सिंह ने ग्राम जुझारपुर में आयोजित मिलन समारोह में कही।
सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हार जीत चलती है। भाजपा सरकार ने नगरीय एवं ग्राम पंचायतों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की। शिवराज सरकार जाने से महिलाएं और बेसहारा वर्ग दुखी है, कांग्रेस का ऐसा सीएम बना है जिसने कभी गरीबी नहीं देखी और न ही गरीबों का दर्द महसूस किया। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि देश के टुकड़े करने वालों का समर्थन करने वाली पार्टी हितकारी नहीं हो सकती। गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां पार्टी पर एक परिवार का ठेका है। इसी वजह से राजीव गांधी के दौर में 450 सांसदों वाली पार्टी 40 पर आ गई और अटल जी जैसे महान नेतृत्व में भाजपा ने 2 सांसदों से शुरू कर आज केन्द्र में पीएम नरेन्द्र मोदी को बहुमत दिलाया। उन्होनें गांव के कबड्डी खिलाडिय़ों को मेट एवं मैदान की सुविधा देने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने माता मंदिर की नदी एवं देहरी नाले पर पुलिया निर्माण की मांग की, जिसे जल्द सांसद निधि से मंजूरी का आश्वासन दिया। युवाओं के लिए जिम देने का प्रस्ताव भी मांगा गया।
सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की अल्पमत वाली सरकार बन गई, लेकिन दोनों जिलों में भाजपा को मतदाताओं ने पसंद किया है, शिवराज सरकार की कमी लोगों को खल रही है। आगामी लोस चुनाव में मतदाता पूर्ण बहुमत से मोदी सरकार को दोबारा मौका देंगे, भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो देश और यहां की जनता का भला करने में सक्षम हैं। ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया।
तिलकसिंदूर में संजीव साध द्वारा आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह में भी 5 ग्राम पंचायतों के कार्यकर्ताओं ने सड़क, नाली एवं पुलिया समेत अन्य विकास कार्यो के लिए राशि देने का आवेदन दिया।
इस अवसर पर भाजपा नेता रामसेवक रावत, पूर्व जनपद अध्यक्ष भगवती चौरे, जनपद उपाध्यक्ष सुनील चौधरी, सांसद प्रतिनिधि राजा तिवारी, सोनू दीक्षित, जनपद सदस्य अजय महाला, विवेक साध, सांसद प्रतिनिधि संजीव साध, ब्रजकिशोर पटेल, मंडल अध्यक्ष प्रताप राजपूत, योगेन्द्र राजपूत, दीपेन्द्र राजपूत, रामू चौधरी, सरपंच कैलाश कुमरे, दिलीप सरयाम, रविकांत महाला, अरविन्द सोहरत, रविकांत महाला समेत अन्य ग्रामीण एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। तवानगर से आए जनपद सदस्य मनोज गुलबांके ने यहां सांसद निधि से ट्यूबवेल खनन एवं यहां की पेयजल समस्या के स्थाई निराकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ऐसे होगा सड़कों का काम:
सांसद सिंह ने बताया कि पीएम ग्रामीण सड़क योजना में 250 से अधिक की आबादी के सभी गांवों को जोड़ा जा रहा है। जिले में यह काम पूरा हो रहा है।
अभी करीब 22 सड़कों के टेंडर हुए हैं, जिन्हें फोरलेन की तर्ज पर ग्रामीण सड़कों को चौड़ा किया जाना है। सिंगल से टू लेन सड़कें हो जाएंगी, साथ ही अब पूरे देश में ग्रामीण सड़क योजना में मुख्य नहरों को जाने वाले मार्गो का भी पक्का निर्माण कराया जाएगा। केन्द्र सरकार ने इसे सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, जिले में इस योजना का लाभ किसानों एवं ग्रामीणों को मिलेगा। सिंह ने बताया कि जिले में धान खरीदी की विसंगतियों को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ को संबोधित ज्ञापन कलेक्टर को दिया गया, जिसमें खरीदी की अवधि बढ़ाने एवं किसानों को समय पर भुगतान कराने की मांग की गई। गर्मी में पेयजल संकट को लेकर खराब पड़े हैंडपंप चालू कराने के लिए अधिकारियों से चर्चा की गई।









