पहले जैविक बाजार में बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ता

पहले जैविक बाजार में बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ता

होशंगाबाद। नर्मदापुर युवा मंडल के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर पहला जैविक बाजार लगा। गुरुवार को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक अमृत परिसर एसबीआई बैंक के सामने मालाखेड़ी रोड पर जैविक उत्पादों के बाजार का शुभारंभ पूर्व मंत्री मधुकर हर्णे ने दीप प्रज्वलित कर किया।
बाज़ार में करीब दस दुकानें लगाई थी। दोपहर में जैविक बाजार में उपसंचालक कृषि जितेन्द्र सिंह ने भी जाकर किसानों से मुलाकात की। श्री सिंह ने कहा कि अब तक जैविक सब्जियों, फल और अनाज का बाजार प्रत्येक रविवार को इटारसी में लगता था, अब गुरुवार को होशंगाबाद के लोगों को भी जैविक उत्पाद मिलने लगेंगे। उन्होंने किसानों से कहा कि वे जैविक उत्पाद बढ़ाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पर्याप्त मात्रा में हानि रहित अनाज, फल और सब्जियां पहुंचें।
नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने बताया कि यह जैविक बाज़ार प्रत्येक गुरुवार लगाया जाएगा। इस जैविक बाज़ार में सेहतमंद वस्तुओं की दुकान किसानों ने लगाई। इस दौरान जैविक सब्जी, अनाज, मसाले, विशेष रूप से रेडिएशन मुक्त मोबाइल करने वाली गोबर चिप और अन्य जैविक चीजें लोगों ने खरीदी। जैविक बाज़ार के माध्यम से जिंदा जीवन, जिंदा भोजन के अभियान की शुरुआत भी की गई। इस जैविक बाज़ार से लोगों ने जैविक सब्जियों सहित अन्य सामग्रियों की खरीदारी की। इस अवसर पर नर्मदापुर युवा मंडल के अनिल आर्य, मनीष परदेशी, हर्ष मौर्य, कमलराव चव्हाण, आकाश मीना, गगन सोनी, प्रशांत कन्नौजिया सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!