पुलिस और युमो के बीच सीएम के पुतले की खींचतान
इटारसी। भारतीय जनता युवा मोर्चा, इटारसी नगर मंडल ने शनिवार की शाम को यहां जयस्तंभ चौक पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला जलाया। ये युवा भाजपायी, प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में की गई पेट्रोल-डीजल के मूल्य में वृद्धि का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने पुतला दहन के पूर्व पहुंचकर युवा भाजपायियों को पुतला दहन नहीं करने दिया और पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर काफी देर छीना झपटी चली। अंतत: युवा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की तो भाजपा के युवा कार्यकर्ता आंदोलित हो गये। युवा मोर्चा के अध्यक्ष राहुल चौरे का कहना है कि सरकार द्वारा डीज़ल एवं पेट्रोल के मूल्यों में वृद्धि से पहले से ही परेशान आम जनता एवं किसानों पर महंगाई का बोझ बढ़ गया है। किसान, युवा पहले से ही परेशान हैं, अब इस महंगाई से प्रत्येक घर का बजट बिगड़ेगा और जनता परेशान होगी। यह सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं दे पा रही है और टैक्स बढ़ाकर लोगों की मेहनत की कमाई लूटने में लगी है। युवा मोर्चा द्वारा इस सरकार के मुखिया कमलनाथ का पुतला जलाकर इस तुगलकी फरमान का विरोध किया गया है। इस तरह का प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।
इस आंदोलन में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष जयकिशोर चौधरी, सांसद प्रतिनिधि राजा तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेष मंटू ओसवाल, भाजपा नगरमंत्री पार्थ सिंह राजपूत, मंजीत कलोसिया, भाजयुमो महामंत्री मयंक मेहतो, गोपाल शर्मा, उपाध्यक्ष कुलदीप रघुवंशी, सौरभ मेहरा, प्रसेनजित दास, नगरमंत्री प्रिंस सलूजा, तुषार राजवानी, आईटी सेल प्रभारी शुभम ठाकुर, मीडियाप्रभारी गौरव बड़कुर, बेअंत सिंह, अनमोल डागर, गोपाला मालवीय, आशु सेन, कमलेश राजवंशी, आरिफ खान मौजूद थे।