किराएदार की जानकारी देना अनिवार्य
इटारसी। आदर्श चुनाव आचार संहिता के अंतर्गत सभी प्रकार के वाहनों से राजनैतिक, सामाजिक पदों वाली नेम प्लेट वाहन चालकों व वाहन मालिका को हटाना होगी, अन्यथा कड़ी कार्यवाही होगी। इसे लेकर यातायात पुलिस ने मुहिम प्रारंभ कर दी है।
आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन ने ऐसी सभी व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं पर पाबंदी लगा दी है जिनके कारण किसी न किसी प्रकार से चुनाव प्रभावित हो सकते हैं। इसी के अंतर्गत यातायात पुलिस ने शनिवार से पदों वाली नेम प्लेट हटाओ अभियान प्रारंभ कर दिया है। इसे लेकर शहर के नये यातायात प्रभारी वीरेन्द्र सिंह घुरैया ने बताया कि दो पहिया, चार पहिया जैसे वाहनों में राजनैतिक, सामाजिक व अन्य सार्वजनिक पदों वाली जो नेम प्लेट वाहनों चालकों व मालिकों ने लगा दी है, उन्हें हटाना होगी अन्यथा चुनाव आचार संहिता के अंतर्गत संबंधितों के खिलाफ कार्यवाही होगी।
इस अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस ने शनिवार को नेशनल हाईवे से बाबई बायपास पर कार्रवाई करते हुए उन वाहन चालकों को रोककर समझाईश दी है जिनके वाहनों में सार्वजनिक पदों वाली पट्टी लगी हुई है।
किराएदार की जानकारी देना अनिवार्य
लोकसभा चुनाव में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग ने मकान मालिकों और होटल लॉज संचालकों से थाने में जानकारी मांगी है। वही अब मकान मालिक द्वारा किराएदार रखने और किराएदार से मकान खाली कराने की सूचना भी संबंधित थाने में देने को कहा है।
निर्वाचन आयोग के आदेश अनुसार पुलिस ने सुरक्षा के इंतजामों में सख्ती शुरु कर दी है हैं। लोकसभा चुनाव में असामाजिक तत्वों द्वारा जिले की सीमा में अपराध करने और अशांति फैलाने की आशंका के मद्देनजर अब यह जरूरी हो गया कि आप अपने यहां कोई किराएदार रखें तो उसकी सूचना पुलिस को दी जाए। ये आदेश शहर के मकान मालिकों, होटल और लॉज संचालकों पर समान रूप से लागू होंगे। टीआई विक्रम रजक ने बताया कि इटारसी में पीएम का कार्यक्रम तय होने के बाद पुलिस ने सर्वे कर लगभग 190 किराएदार और घरेलू नौकर चिन्हित किए थे। लोकसभा चुनाव आचार संहिता लगने के बाद आयोग के निर्देश के पालन में मकान मालिकों से सहयोग की अपेक्षा रखी गई है। उनसे अनुरोध है कि जो किराएदार घर खाली कर जा रहा हो, तो उसकी सूचना भी थाने में अनिवार्य रूप से दें।







