इटारसी। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज शहर में बढ़ती आपराधिक गतिवधियों की रोकथाम एवं बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग लेकर सिटी थाने में टीआई विक्रम रजक को ज्ञापन दिया। भाजयुमो ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर विचार करके सुधार नहीं किया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज पुलिस को एक ज्ञापन देकर शहर में बढ़ती गतिविधि एवं ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक के नाम टीआई विक्रम रजक को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि अपराधियों के हौसले बढ़े हैं, स्कूल-कालेजों के आसपास मनचलों की गतिविधि बढ़ रही है। विगत दिनों बैंक कालोनी क्षेत्र में दो युवकों ने एक लड़की से छेड़छाड़ की और शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। स्कूल-कालेजों की छात्राएं सड़क छाप मजनुओं से परेशान हैं। जगह-जगह सड़कों पर बाइक पर लड़के स्टंट कर रहे हैं और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल ने भी पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर में आपराधिक गतिविधियां बढ़ी हैं, ट्रैफिक व्यवस्था भी लचर है। जहां यातायात पुलिस को काम करना चाहिए वहां नहीं करती। बिना हेलमेट पहने लोगों से तो जुर्माना वसूला जा रही है, जबकि पुलिसकर्मी खुद बिना हेलमेट के घूमते हैं। इस व्यवस्था में सुधार होना चाहिए, अन्यथा हम बड़ा आंदोलन करेंगे।
भाजयुमो नगर अध्यक्ष राहुल चौरे ने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था लचर हो गयी है, मुख्य मार्गों पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े रहते हैं जिससे यातायात बाधित होता है। पुलिस यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था करने की बजाए ओवरब्रिज और धौखेड़ा पाइंट पर जांच करती है और लोगों को परेशान किया जाता है। संगठन की मांग है कि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू की जाए और स्कूल-कालेजों और कोचिंग संस्थानों के पास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने युमो ने दिया ज्ञापन
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








