इटारसी। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन और जिला न्यायाधीश आदित्य रावत के निर्देशानुसार ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत 3 और 4 नवंबर को बालिका छात्रावासों में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
इन शिविरों में न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती प्राची कौरव ने वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या छात्रावास और श्रीमती आयुषी गुप्ता ने जूनियर बालिका छात्रावास की छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध कानून, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं को किसी भी उत्पीडऩ पर चुप न रहने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा 15100, 1090, 1098 व 1930 जैसी हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया।











