नवागत सीएमओ ने संभाला कार्यभार
इटारसी। नगर पालिका में नए सीएमओ हरिओम वर्मा ने कार्यभार संभाल लिया है। वे नगर पालिका इटारसी में 45 वे सीएमओ हैं। निवृतमान सीएमओ अक्षत बुंदेला का नगर निगम भोपाल में स्थानांतरण होने के बाद श्री वर्मा राजगढ़ से यहां आए हैं। दोपहर में उन्होंने विधिवत चार्ज ग्रहण कर लिया। नगर पालिका के कमचारियों और जनप्रतिनिधियों ने मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया।
श्री वर्मा इससे पहले राजगढ़ में थे, उनका तबादला बुदनी हुआ था लेकिन, फिर बदलकर इटारसी कर दिया। इससे पहले वे गुना, बीना सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी रह चुके हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि उनका सबसे पहला काम प्राथमिक सुविधाएं नागरिकों को मिलें, यह प्रयास करना रहेगा। मूलभूत सुविधाएं सबसे पहले, फिर अन्य कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। सफाई, पेयजल, लाइट की व्यवस्था सुचारू रूप से चलना चाहिए। इसके लिए व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश सरकार और नगर पालिका के बीच सामन्जस्य बिठाकर काम करेंगे। जनता के कामों को प्राथमिकता दी जाएगी। जो भी चुनौतियां सामने आएंगी, परिषद, विधायक और शासन स्तर पर हल करने का प्रयास किया जाएगा। शहर में अतिक्रमण की समस्या पर ध्यान आकर्षित करने पर उन्होंने कहा कि अतिक्रमण, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर पुलिस और राजस्व विभाग के साथ संयुक्त बैठक करके हल किया जाएगा।
वर्तमान कामों को आगे बढ़ाया जाएगा
शहर में निवृतमान सीएमओ अक्षत बुंदेला के कार्यकाल में काफी विकास कार्य हुए हैं। सब्जी मंडी, इटारसी सरोवर, आडिटोरियम जैसे कार्य जो वर्षों से प्रतीक्षित थे, पूर्ण हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों के निर्माण कार्य चल रहा है। बस स्टैंड के लिए शासन से भूमि मिली है। नगर पालिका परिषद के साथ उनका बेहतर समन्वय रहा और अपने करीब चौदह माह के कार्यकाल बिना विवाद के निकल गया। उनके कार्यकाल में प्रारंभ हुई कई विकास कार्यों को नए सीएमओ ने आगे बढ़ाने के प्रति आश्वस्त किया है। श्री बुंदेला के कार्यभार संभालने के साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 सामने था। पूरी टीम ने काफी मेहनत की और परिणाम काफी बेहतर मिले थे। शहर की सफाई, पेयजल व्यवस्था और लाइट व्यवस्था भी बेहतर हो गयी थी। यह सारी चीजें बनी रहें, इसके लिए नए सीएमओ श्री वर्मा से आमजन ने उम्मीद लगा रखी है।








