भोपाल। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने भोपाल और इन्दौर मेट्रो प्रोजेक्ट में भोपाल के मंडीदीप और एयरपोर्ट तथा इन्दौर के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र को भी जोड़ने को कहा है। श्री कमल नाथ ने यह निर्देश मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के संचालक मंडल की मंत्रालय में हुई बैठक में दिए। बैठक में लोक निर्माण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्धन सिंह उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा कि मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए निर्धारित समय-सीमा को कम करते हुए इसे शीघ्र पूरा करें। उन्होंने इसके लिए निर्माण प्रक्रिया की अवधि का पुन: परीक्षण करने के निर्देश दिए। श्री कमल नाथ ने कहा कि निर्माण कार्य साथ-साथ हों, जिससे यह प्रोजेक्ट जल्दी पूरा हो और इसका लाभ इन्दौर तथा भोपाल के लोगों को जल्द मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में मेट्रो परियोजना के अनुभव और अपनायी गई प्रक्रिया का भोपाल-इन्दौर के प्रोजेक्ट में लाभ लें। वहाँ अपनायी गई तकनीक का उपयोग करें। इससे हमारे कार्य में गति आएगी और हम उन बाधाओं का समाधान पहले से निकाल सकेंगे, जो दिल्ली मेट्रो के निर्माण में आई थीं।
मुख्य सचिव एस.आर. मोहंती, अपर मुख्य सचिव वित्त अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा मोहम्मद सुलेमान, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे, प्रमुख सचिव लोक निर्माण मलय श्रीवास्तव, आयुक्त नगरीय विकास पी. नरहरि, प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी स्वतंत्र कुमार सिंह और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मेट्रो प्रोजेक्ट : जुड़ेगा मंडीदीप, एयरपोर्ट एवं पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र

Manju Thakur
मंजू ठाकुर वरिष्ठ पत्रकार एवं Narmadanchal.com के संस्थापक-संपादक हैं। वे वर्ष 2004 से नर्मदांचल क्षेत्र और मध्य प्रदेश की स्थानीय, सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़ी खबरों का संपादन और प्रकाशन कर रहे हैं। उन्होंने बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल से संस्कृत में स्नातकोत्तर, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक तथा डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। पत्रकारिता के साथ-साथ वे डिजिटल मीडिया, समाचार संपादन एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी अनुभव रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचार पहुँचाना है।
For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Advertisement









