इटारसी। नयायार्ड मुक्तिधाम से ग्राम गोंची तरोंदा के मुख्य मार्ग तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए इस मार्ग को शनिवार 13 से मंगलवार 16 जून तक बंद रखा जाएगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा बनवाये जा रहे मार्ग को चार दिन बंद रखने की अनुमति एसडीएम इटारसी से मिल गयी है। लोनिवि ने इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अब चार दिन परिवर्तित मार्ग से आवागमन करें।
रेलवे ब्रिज के पास स्थित मुक्तिधाम से गोंची तरोंदा के पास इटारसी-धर्मकुंडी मार्ग से जाकर मिलने वाली ढाई किलोमीटर की सड़क का पिछले दो वर्षों से निर्माण कार्य चल रहा है। ठेकेदार अभय दुबे इटारसी को भुगतान नहीं होने से यह मार्ग महीनों तक अधूरा पड़ा रहा। अब ठेकेदार ने पुन: काम प्रारंभ किया है, लेकिन इस मार्ग पर लगातार आवागमन चलने से काम करने में बाधा उत्पन्न हो रही है। तीन मीटर चौड़ाई के इस मार्ग में साइड से कोई वैकल्पिक जगह नहीं होने से मार्ग निर्माण के दौरान दुपहिया और चार पहिया वाहन भी यहीं से गुजर रहे हैं जिससे परेशानी हो रही है।
सरफेस ढह जाता है
ठेकेदार द्वारा दिन के वक्त यहां सरफेस तैयार करते हैं, और रात में उस पर से वाहन निकल जाते हैं तो वह ढह जाता है। दिनभर की मेहनत पर पानी फिर रहा है। ऐसे में ठेकेदार को हो रही परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने एसडीएम इटारसी से रोड को चार दिन के लिए बंद करने की अनुमति मांगी थी जो विभाग को मिल गयी है। लोनिवि सिवनी मालवा के एसडीओ आरएस विश्वकर्मा ने बताया कि रोड की मजबूती के लिए यह जरूरी है कि मार्ग से आवागमन बंद करके उसे मजबूती से तैयार किया जाए। सब इंजीनियर आरएन दुबे ने कहा कि शनिवार से इस मार्ग को बंद कर रहे हैं। यहां अलग से वाहन आने-जाने के लिए जगह नहीं है, ऐसे में मार्ग बंद करके निर्माण करना ही अंतिम उपाय है।
गेहूं ढुलाई के वक्त बंद रहा मार्ग
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद कार्य के चलते इस मार्ग का निर्माण कार्य 18 दिन बंद रहा था। दरअसल, ग्राम भट्टी में गेहूं खरीद केन्द्र से अनाज परिवहन करने वाले भारी-भरकम ट्रक इसी मार्ग से भारतीय खाद्य निगम के देहरी गोदाम में पहुंचते थे। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण मार्ग का निर्माण आगे नहीं बढ़ाया गया था। यह मार्ग ढाई किलोमीटर लंबा और तीन मीटर चौड़ाई का बनाया जा रहा है। मार्ग की स्वीकृति सन् 2018 में हुई थी। तब ठेकेदार ने पिछले वर्ष काम प्रारंभ किया था तो ग्राम गोंची तरोंदा के पास करीब तीन सौ मीटर का हिस्सा तैयार किया और फिर काम बंद हो गया था। कुछ हिस्से में सरफेस तैयार हो गया था, लेकिन ठेकेदार के कार्यों का भुगतान न होने से काम बंद हो गया था।
इनका कहना है…
निर्माण के वक्त वाहन चलते हैं तो रोड का जो बेस तैयार किया जाता है, वह कमजोर हो जाता है। लगातार वाहन चलने से गिट्टियां फिसलती हैं और काम ठीक से नहीं हो पाता है, इसलिए रोड बंद करने की अनुमति ली है।
आरएस विश्वकर्मा, एसडीओ लोनिवि सिवनी मालवा
निर्माण के दौरान गिट्टियां फिसलती है, वाहन भी इसी मार्ग से निकलते हैं तो काम में बाधा भी आती है और सरफेस भी कमजोर होता है। यही कारण है कि हमने चार दिन के लिए रोड बंद करने की अनुमति ली है।
आरएन दुबे, सब इंजीनियर सिवनी मालवा
शनिवार से 4 दिन बंद रहेगा तरोंदा मार्ग


Rohit Nage
रोहित नागे वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार संपादक हैं, जिन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता में स्नातक किया है तथा लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, राज एक्सप्रेस, पीपुल्स समाचार, नवभारत सहित अनेक प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में रिपोर्टर, उप-संपादक, ब्यूरो प्रमुख एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य किया है। वे Narmadanchal.com के रिपोर्टर, उप-संपादक, एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य कर रहे हैं और नर्मदांचल क्षेत्र की निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय समाचारों पर विशेष रूप से लेखन एवं संपादन कार्य कर रहे हैं।
Advertisement








