शीतलहर से कांपा शहर, अलाव बन रहे सहारा
इटारसी। नर्मदांचल शीतलहर की चपेट में है, दिन में धूप के बावजूद कंपकंपी महसूस हो रही है तो शाम ढलते ही शरीर कांपने लगता है। पारे ने लगाई डुबकी और शाम को 13 डिग्री पर उतर आया और आधी रात तक यह 8 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पारे के लगातार गोते लगाने से शहर कांप उठा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी जल्द हालात नहीं सुधरेंगे और रविवार और सोमवार को भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
सीजन में पहली बार चली शीतलहर के कारण पूरा शहर कंपकंपा गया। वहीं, पारा लुढ़क कर शनिवार की शाम 7 बजे 13 डिग्री पर पहुंच गया, रात 2 बजे पारा 8 डिग्री तक जाने की संभावना है। बर्फीली हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू किया है। जैसे-जैसे रात गहरा रही है, तापमान भी गिरता जाता है। दिन में चल रही तेज हवाओं के कारण लोगों ने ठंड का एहसास किया। शाम को सर्द हवाओं के कारण लोगों ने ठंड का एहसास किया। शाम को सर्द हवाओं के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। आमजन को ठंड से बचाने नगर पालिका ने पांच स्थानों पर अलाव जलाए हैं। जयस्तंभ के आसपास, बड़ा मंदिर के पास, ओझा बस्ती, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के पास नगर पालिका अलाव की व्यवस्था कर रही है। सर्द हवाओं के कारण ठंड बढऩे पर रात में स्थिति यह रहती है कि रात 10 बजे तक ही शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। सिर्फ अलाव के इर्द-गिर्द की कुछ लोग नजर आते हैं।