- राम नवमी पर द्वारिकाधीश मंदिर से निकली शोभायात्रा, हजारों धर्मप्रेमी हुए शामिल
इटारसी। आराध्य प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव पर रविवार को श्रीराम नवमी के अवसर पर तुलसी चौक स्थित बड़ा मंदिर परिसर से श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकली। श्री रामलला पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा का मार्ग में कई स्थानों पर विभिन्न समाजों एवं नागरिकों ने अपने घर-प्रतिष्ठान के सामने स्वागत किया। शोभायात्रा के पूर्व आयोजन में श्रीराम जन्म महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक विधायक डॉ सीतासरन शर्मा भी शामिल हुए।


श्रीराम जन्म महोत्सव द्वारा 62 वे वर्ष में जारी श्री राम जन्म महोत्सव अंतर्गत विगत सात दिवस से श्रीराम कथा का आयोजन श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर परिसर तुलसी चौक में किया जा रहा था। विश्राम दिवस की कथा में रविवार को महाराज मानस मणि ने श्रीराम के राजतिलक की कथा सुनाई। साथ ही मंदिर में श्रीराम लला का भव्य जन्मोत्सव मनाया। राम जन्म के समय मंदिर में बधाइयां गाई, मिष्ठान बांटा गया। बच्चों को खिलौने और चॉकलेट वितरित की गई।
देर शाम श्रीराम जी की शोभायात्रा में श्रीराम दरबार की भव्य झांकी रथ पर विराजित होकर निकली जिसमें श्रीराम के साथ माता सीता, भाई भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न के साथ हनुमान जी महाराज शामिल रहे। साथ ही अयोध्या में विराजित श्रीराम लला के स्वरूप की झांकी भी रथ पर सवार रही। जिसे नागरिकों से खूब सराहा और प्रभु से आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा में कथाव्यास आचार्य मानस मणि भी रथ पर सवार होकर निकले जिनका नगरवासियों ने पुष्पहार ओर पुष्पवर्ष कर जोरदार स्वागत किया। शोभायात्रा में डीजे, घोड़े, ढोल बाजे की धुन पर जनकर रामभक्त नाचे।
बजरंग अखाड़े ने दिखाए करतब
श्रीराम शोभायात्रा में इस वर्ष बजरंग व्यायाम शाला मालाखेड़ी नर्मदापुरम शामिल हुआ और आकर्षण का केंद्र रहा। अखाड़े के सदस्यों के करतब देखकर लोग हैरान रह गए। मुंह से आग निकलना, आग के दंडों को घुमाना, तलवारबाजी सहित अन्य करतब को लोगो ने खूब सराहा।
जगह-जगह स्वागत
बड़ा मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई श्रीराम शोभायात्रा का नगर के नागरिकों से अभिनंदन किया। शोभायात्रा का पूज्य पंचायत सिंधी समाज, गांधी परिवार, संस्कृत पाठशाला, सांवरिया निवास, जैन समाज, अग्रवाल समाज, रजत ज्वेलर्स, सराफा बाजार, एलकेजी ज्वेलर्स, तीसरी लाइन, श्री राम जानकी मंदिर (छोटा), पहली लाइन, जयस्तंभ चौक पर गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा, मोहन काका चौराहा सहित अनेकों स्थान पर शोभायात्रा का पुष्पवर्ष कर मिष्ठान, आइस्क्रीम, जलपान, फलहारी नमकीन आदि का वितरण किया गया।
बड़ी संख्या में रामभक्त हुए शामिल
आयोजन समिति के प्रवक्ता भूपेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में पिछले कई वर्षों की तुलना में इस वर्ष ऐतिहासिक संख्या में रामभक्त शामिल हुए। आयोजन समिति के पदाधिकारी संरक्षक प्रमोद पगारे, उमेश अग्रवाल, सतीश सांवरिया, अध्यक्ष डॉ नीरज जैन, कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चांडक, उपाध्यक्ष विष्णु पांडे, सचिव अभिषेक तिवारी, कोषाध्यक्ष प्रकाश मिश्रा, सह कोषाध्यक्ष अमित सेठ, देवेंद्र पटेल, दीपक उज्जैनिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक बंधु, धर्मप्रेमी नागरिक और मातृशक्ति सम्मिलित हुई।
धनुर्धारी बने द्वारिकाधीश
ठाकुर श्री द्वारिकाधीश आज धनुर्धारी राम बने हुए थे। श्री राम कथा प्रवक्ता मानस मणी महेंद्र मिश्र ने प्रभु श्री राम के जन्म की कथा सुनाई। श्री द्वारिकाधीश मंदिर में भगवान श्री राम का जन्म महोत्सव मनाया गया। मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर शर्मा एवं पंडित पीयूष शर्मा ने भगवान का प्राकट्य महोत्सव कराया। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का जन्म महोत्सव श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर में धूमधाम से मनाया गया। श्री राम जन्म महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ नीरज जैन, कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चांडक, सचिव अभिषेक तिवारी, उपाध्यक्ष विष्णु शंकर पांडे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।