
सरकार प्रदेश को लूटने और धन कूटने का काम कर रही है : शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
इटारसी। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार प्रदेश को लूटने और धन कूटने का काम कर रही है। श्री चौहान शनिवार को सौंसर जाते वक्त इटारसी से गुजरे जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
पुरानी इटारसी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ सरकार के मंत्री काले कारनामे करके पैसे बटोरने में लगे हैं। पत्रकारों से चर्चा करते हुए चौहान ने कहा कि कांगे्रस सरकार ने प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया है। बच्चियों को कन्यादान की राशि नहीं दी, उनके मंत्री कह रहे हैं कि तीर्थ दर्शन बेकार है। जिले में किसानों को अभी तक उनकी सरकार ने धान का पैसा नहीं दिया। प्रदेश में किसान परेशान हैं, छात्रों का लेपटॉप बंद कर दिया, वे स्कूल-कॉॅलेज की फीस तक नहीं भर पा रहे हंै। सरकार के लोग भ्रष्टाचार करके जेब भर रहे हंै। रेत उत्खनन को लेकर पूर्वमुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मंत्री स्वयं रेत चोरी में लगे हैं। नर्मदा जी को खोद कर रख दिया, सरकार के पास युवाओं के लिए नौकरी भी नहीं है।
भाजपा की गुटबाजी सामने आयी
पूर्व मुख्यमंत्री के स्वागत में भी भारतीय जनता पार्टी की गुटबाजी सामने आयी। पुरानी इटारसी में दो मीटर के फासले पर ही दो अलग-अलग जगह पार्टी के अलग-अलग गुटों ने कार्यक्रम किया। विधायक डॉ सीतासरन शर्मा के नेतृत्व में उनके पुरानी इटारसी स्थित कार्यालय के सामने उनके समर्थकों ने गर्मजोशी से पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया, तो वहीं पार्टी के ही कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने 100 मीटर आगे सुदामा मैरिज हॉल के सामने स्वागत कार्यक्रम रखा। सुदामा मैरिज हॉल के पास जिन कार्यकर्ताओं ने शिवराज सिंह चौहान का स्वागत किया, वह सांसद उदय प्रताप सिंह के करीबी कार्यकर्ता हैं, जो विधायक के कार्यक्रमों से दूरी बनाकर रखते हैं। भाजपा की इस गुटबाजी का पर दिन भर शहर का राजनीतिक बाजार गर्म रहा।
पूर्व मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, नगर मंडल अध्यक्ष नीरज जैन, जिला मंत्री कल्पेश अग्रवाल, प्रमोद पगारे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, संदेश पुरोहित, उमेश पटेल, शिवकिशोर रावत, भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष राहुल चौरे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।