सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें ना : कलेक्टर
मानव श्रंखला बनवाकर बांटी कपड़े की थैलियां
इटारसी। जीवन का उद्देश्य यदि पाना है तो शरीर को स्वस्थ रखें। शरीर स्वस्थ होगा तो अच्छे विचार भी आएंगे और अच्छे विचारों से जीवन भी अच्छा बनेगा। यह बात कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने यहां अटल पार्क में कही। वे यहां स्वच्छ भारत अभियान के तहत योगा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन ने नगर पालिका इटारसी को एक टास्क दिया था कि वे मानव श्रंखला के माध्यम से समाज को यह संदेश प्रसारित करें कि सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद हो। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचाता है। यह वर्षों तक जमीन में रहकर सड़ती नहीं है और इसका केमिकल शरीर में विभिन्न बीमारियां फैलाते हैं। इसे जानवर खाता है, उसकी भी मौत हो जाती है। पानी में जाकर यह वहां के जीव-जंतुओं की मौत का कारण बनती है। जीव की चेन बिगडऩे से मानव जीवन पर भी असर होता है, क्योंकि जीवन के लिए सभी जीवों का होना जरूरी है। हमें अपने आसपास का पर्यावरण सुरक्षित रखना जरूरी है।
कलेक्टर ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के लिए हम संकल्प लें कि न स्वयं इसका उपयोग करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। हम प्रयास करें कि शादियों और पार्टियों में भी इसका उपयोग बंद कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि इटारसी के लोगों ने स्वच्छता के लिए जो संकल्प लिया है, वह उनको आर्थिक रूप से फायदा पहुंचाएगा। जब सफाई होगी तो यहां के लोग बीमार नहीं होंगे और बीमार नहीं होंगे तो इलाज में खर्च होने वाला पैसा बचेगा। उन्होंने अनुमानित हिसाब लगाकर बचाया कि इटारसी के लोग लगभग दस करोड़ रुपए सालाना सफाई रखकर ही बचा सकते हैं।
एसडीएम हरेन्द्र नारायण ने कहा कि सुबह की नींद सबको अच्छी लगती है, इसलिए हम आलस्य करने लगते हैं। वे स्वयं सुबह जल्दी नहीं उठ पाते हैं। लेकिन, आज ड्यूटी के माध्यम से ही सही। सुबह जल्दी उठकर योगा किया तो लगा कि इससे हम दिनभर के काम के लिए एनर्जी एकत्र कर पाते हैं, यह हमें स्फूर्ति देता है। उन्होंने अपने एक मित्र की बात को शेयर करते हुए बताया कि मित्र ने कहा था कि जीवन में सबसे अंत तक केवल शरीर ही साथ रहता है। इसे हम ठीक रखेंगे तो हमेशा खुश रह सकेंगे।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल ने कहा कि तन के साथ मन को भी स्वस्थ रखने के लिए योग को जीवन में शािमल करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध रखेंगे तो धरती को बचा सकेंगे। उन्होंने पॉलिथिन मुक्त समाज का आह्वान करते हुए कहा कि हमें शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करना है, इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आदित्य सिंह, सीएमओ हरिओम वर्मा, कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, राजकुमार उपाध्याय सहित नगर पालिका के अनेक अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे भी उपस्थित थे।
मावन श्रंखला बनाकर दिया संदेश
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने इटारसी नगर पालिका को मानव श्रंखला से संदेश देने का टास्क दिया था। लेकिन, समय पर इसका इंतजाम नहीं हो पाने से वे सीएमओ हरिओम वर्मा पर नाराज भी हुए और आनन फानन में खुद ने स्कूली बच्चों और बाजार में मौजूद कुछ नागरिकों को श्रंखलाबद्ध खड़े करके अपना टास्क स्वयं पूर्ण किया और सभी को कपड़े के थैली भी भेंट किये।
अभी समझा रहे हैं…!
हमने मानव श्रंखला बनाकर सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाली बीमारियों की रोकथाम करने नागरिकों से आह्वान किया है। नागरिकों को कपड़े के थैले बांटकर प्लास्टिक मुक्त नगर के लिए संदेश देने का प्रयास किया है। यह अभियान आज से प्रारंभ किया है। अब नागरिकों की जिम्मेदारी बनती है कि वे आगे आएं और इसे आगे बढ़ाएं। जो लोग बाजार में पॉलिथिन का इस्तेमाल बंद नहीं कर रहे हैं, उनको समझाइश दी जा रही है, यदि वे नहीं मानेंगे तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर