इटारसी। संघमित्रा एक्सप्रेस से रेलवे की परीक्षा देने बैंगलुरू जा रहे परीक्षार्थियों ने आज ट्रेन की आरक्षित सीटों पर कब्जा किया और विरोध करने पर काफी हंगामा किया। परीक्षार्थियों ने यह हंगामा जबलपुर में किया लेकिन एहतियात के तौर पर रेलवे की सूचना पर पिपरिया और इटारसी जंक्शन पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने को कहा था। ट्रेन इटारसी आने के पूर्व ही यहां जीआरपी, आरपीएफ के अलावा सिटी पुलिस की टीम भी मुस्तैद हो गयी थी।
दोपहर करीब 2 बजे इटारसी जंक्शन छावनी में तब्दील हो गया था। ट्रेन इटारसी आयी और बिना किसी विवाद के यहां से रवाना भी हो गयी। बताया जाता है कि रेलवे ने अपने कमर्शियल पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की है जिसमें शामिल होने ये परीक्षार्थी बैंगलुरू जा रहे थे। उत्तर पूर्व के ये छात्र आरक्षित सीटों पर कब्जा किए हुए थे और रिजर्वेशन कराए यात्रियों को बैठने नहीं दे रहे थे। इस बात को लेकर जबलपुर मंभ यात्रियों और परीक्षार्थियों में विवाद भी हुआ है।
यात्रियों ने बताया कि एक-एक सीट पर छह-छह परीक्षार्थी बैठे थे जो उठने को तैयार नहीं थे। जिन लोगों का रिजर्वेशन था, वे खड़े-खड़े ही यात्रा कर रहे थे, विरोध करने पर ये चैन पुलिंग करके ट्रेन को आगे नहीं बढऩे दे रहे थे। प्लेटफार्म क्रमांक चार पर दोपहर में तीनों सुरक्षा एजेंसी तैनात थीं और ट्रेन आने पर पूरे वक्त अलर्ट दिखे। पुलिस जवानों ने ट्रेन की हर बोगी में जाकर जायजा भी लिया। पुलिस प्लेटफार्म पर मार्च कर रही थी तो किसी भी परीक्षार्थी ने कोई हंगामा नहीं किया। आरपीएफ के थाना प्रभारी एसके सिंह ने कहा कि ट्रेन में परीक्षार्थियों ने कब्जा कर रखा था जो यात्रियों से जबलपुर में विवाद कर रहे थे, लेकिन यहां से ट्रेन बिना विवाद के चली गयी।
हंगामा : रिजर्व बोगी में सीट पर कब्जा करके बैठे थे परीक्षार्थी
For Feedback - info[@]narmadanchal.com









