आधा दर्जन से अधिक घायल अस्पताल में भर्ती

कुलदेवता पूजने आए ग्रामीणों को बुरी तरह पीटा
इटारसी। रविवार की शाम करीब 4 बजे तवा नदी के समीप ग्राम होरियापीपर में कुलदेवता पूजने आए करीब डेढ़ सौ लोगों में से कई पर ग्रामीणों ने लाठियां, कुल्हाड़ी, पत्थर व अन्य औजार से हमला कर दिया। घटना बाहर से आए लोगों के एक बच्चे की बाइक से गांव की एक बच्ची का एक्सीडेंट करना बतायी जा रही है जबकि घटना में घायल पक्ष का कहना है कि बच्चे की बाइक फिसली थी, किसी को कुछ नहीं हुआ था। सामने वाला पक्ष नशे में था और बिना कारण हुज्जत की। घटना में घायल आधा दर्जन से अधिक लोगों को यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया है जबकि गांव की भी एक महिला भर्ती है जो अभी बेहोश है। गांव में तनाव की स्थिति की सूचना मिलने पर यहां से पुलिस बल को रवाना किया था, जो वहां की स्थिति सामान्य होने पर लौट आया है।
मिली जानकारी के अनुसार होरियापीपर में भोपाल, बैरागढ़, भोजपुर आदि से करीब डेढ़ सौ लोगों का जत्था कुलदेवता की पूजा करने आया था। ये लोग हर वर्ष गांव आते हैं और कुलदेवी की पूजा करके चले जाते हैं। इस बार इन लोगों के साथ आए एक बच्चे अजय मांझी की बाइक से गांव की सावित्री बाई की लड़की को टक्कर लग गयी थी। इस पर से विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में बहस के बाद मारपीट हो गयी। गांव के करीब दो दर्जन लोगों ने पत्थर, लाठियां, कुल्हाड़ी आदि ने इन लोगों पर हमला कर दिया।

घायल अस्पताल में भर्ती
घटना में घायल अनुराग मांझी, टुंडा, बैरागढ़ विनोद मांझी, संतोष मांझी होशंगाबाद, अमित मांझी बैरागढ़, विशाल मांझी भोपाल, कविता मांझी बैरागढ़, सुनील पिता मदनलाल होशंगाबाद, जमना प्रसाद केवट, चिमनलाल होशंगाबाद घायल हुए जिनका उपचार सरकारी अस्पताल इटारसी में चल रहा है।

इनका कहना है…!

बैरागढ़ से कीर समाज के कुछ लोग गांव में कुलदेवता की पूजा करने आए थे। बाइक से छोटी बच्ची को टक्कर मारने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गांव की कौशल्या बाई के परिवार से करीब चार लोग घायल हैं जिनका इलाज होशंगाबाद अस्पताल में चल रहा है जबकि दूसरी तरफ के दस लोग घायल हैं जिनका इलाज इटारसी के अस्पताल में चल रहा है। दोनों पक्षों पर क्रास कायमी की है।
अनिल शर्मा, एसडीओपी

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!