आपरेशन कल्पतरू : डेढ़ सैंकड़ा पेड़ दूसरी जगह शिफ्ट किए जाएंगे

इटारसी। जिले में अब तक कहीं भी एक साथ डेढ़ दर्जन पेड़ एक स्थान से हटाकर दूसरे स्थान पर नहीं लगाए होंगे। लेकिन, अब यह होगा। परिवर्तन संस्था ने पुलिस लाइन की जमीं से इन पेड़ों को वहीं पास में प्रस्तावित पार्क में इनको लगाने का बीड़ा उठाया है और इस अभियान को नाम दिया है कल्पतरू। परिवर्तन संस्था शुक्रवार 30 नवंबर से पर्यावरणविद् के मार्गदर्शन में इन पेड़ों का जीवन बचाने का यह अभियान प्रारंभ करेगी।
एमजीएम कालेज के सामने और पुलिस थाने के पीछे करीब आधा सैंकड़ा पेड़ हैं जिनमें से 16 और पुलिस थाने के पीछे करीब 4 ऐसे पेड़ हैं जिनको काटने के लिए पुलिस हाउसिंग कार्पोनेशन ने नगर पालिका में आवेदन दे रखा है। दरअसल यहां बन रही पुलिस कालोनी के नक्शे में ये पेड़ मकानों के स्थान पर आ रहे हैं। परिवर्तन संस्था ने करीब चार माह पूर्व इन पेड़ों को बचाने के लिए पहल करते हुए तत्कालीन एसडीएम आरएस बघेल को ज्ञापन दिया था साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय, पर्यावरण मंत्रालय, कलेक्टर, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव गृह को भी ज्ञापन की प्रति भेजी थी। जब काम प्रारंभ हुआ तो पता चला कि करीब डेढ़ दर्जन पेड़ ऐसे हैं जो कालोनी के आवासीय नक्शे में आड़े आ रहे हैं और आवासों का निर्माण करा रही संस्था पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन ने इनको काटने की अनुमति के लिए नगर पालिका को आवेदन दिया है। वर्षों से खड़े इन बड़े और मंझोले वृक्षों को बचाने परिवर्तन संस्था ने पहल की है और नगर पालिका से अनुमति देने के पूर्व उनके प्रयास को सहयोग करने की गुज़ारिश की है। सीएमओ ने वृक्ष काटने की अनुमति नहीं दी है और परिवर्तन को इस कार्य में सहयोग का भरोसा दिलाया है।
पुलिस कालोनी का निर्माण दो स्थानों पर हो रहा है। एक जगह है, एमजीएम कालेज के पास और दूसरी पुलिस थाने के पीछे। दोनों ही जगह मिलाकर करीब बीस पेड़ काटे जाने थे। परिवर्तन संस्था के अनुरोध को सीएमओ ने माना और शुक्रवार के दिन से लगातार चार दिन आपरेशन कल्पतरू चलाकर परिवर्तन संस्था के सदस्य इन वृक्षों को उनकी मूल जगह से हटाकर उसी कालोनी में प्रस्तावित पार्क स्थल पर लगाएंगे। परिवर्तन का यह कार्य इंदौर से आ रहे पर्यावरणविद प्रेम जोशी के मार्गदर्शन में 30 नवंबर से लगातार चार दिन चलेगा। कल्पतरू अभियान क्या है और कैसे यह काम होगा, इसके विषय में परिवर्तन के सदस्य अनुराग दीवान और अखिल दुबे ने हमें विस्तार से जानकारी दी।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!