ऋषभदेव जयंती : निकली शोभायात्रा

इटारसी।जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ ऋषभदेव भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव शुक्रवार को जैन समाज ने आस्था और उल्लास के साथ मनाया। इस दौरान कावेरी एस्टेट स्थित कांच मंदिर से एक शोभायात्रा निकाली गई।
भगवान आदिनाथ की जयंती पर निकाली शोभायात्रा के दौरान चांदी के विमान में भगवान की प्रतिमा दो पहिए की बैलगाड़ी में विराजित की गई। यह गाड़ी श्रावकों ने खींची। कावेरी स्टेट के आदिनाथ मंदिर से शोभायात्रा बायपास होते हुए जैन समाज के कीर्ति स्तंभ पहुंची। यहां से न्यास कॉलोनी के मार्गों से होती हुई शोभायात्रा मंदिर आई। शोभायात्रा में धर्मध्वज लहराए। घरों के सामने धर्मावलंबियों ने विमान में विराजे भगवान की आरती उतारी और श्रीफल अर्पित किए। धर्म व संस्कार के भाव के साथ कई परिवार नवजात शिशुओं को विमान के समक्ष लाए। मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ की प्रतिमा का महाभिषेक मंत्रोच्चार के साथ किया।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!