एक दर्जन बिहारी मछुआरे पकड़े, प्रतिबंधित जाल भी जब्त

इटारसी। तवा जलाशय के मल्लूपुरा घाट पर आज दोपहर सुखतवा की दो समिति सर्वोदय समिति और केवट समिति ने बिहार से ठेके पर आकर प्रतिबंधित सुखान जाल से मछली का शिकार करने वाले करीब एक दर्जन मछुआरों को पकड़ा है, और कुछ यहां से मौका पाकर भाग निकले हैं। दोपहर में दोनों समिति के सदस्य जनपद सदस्य सुनील बाबा और भाजयुमो अध्यक्ष विष्णु कहार के साथ झुनकर के पास मल्लुपुरा घाट पहुंचे और मछुआरों को पकड़ा। इनके पास से करीब पांच क्विंटल मछली और इतने ही सुखान जाल भी जब्त किए हैं। बता दें कि हर वर्ष ये समितियां ही अवैध मछुआरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर रही हैं, पुलिस और मत्स्य विभाग की ओर से अवैध मछुआरों को पकडऩे की कोई कार्रवाई नहीं होती है। पिछले वर्ष भी 10 नवंबर को दोनों समिति के सदस्यों ने इन अवैध मछुआरों को पकड़कर मछली सहित केसला पुलिस को सौंपा था और पुलिस ने मामले में सिलवानी के विकास खंडेलवार नामक व्यक्ति पर धारा 379, 7 (1) (अ) मत्स्याखेट अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया था। इस बार भी पकड़े गए अवैध मछुआरों ने विकास का ही नाम बताया है कि उसके बुलावे पर ही वे बिहार से जाल लेकर यहां पहुंचे हैं और करीब एक पखवाड़े से यह काम कर रहे हैं। मछुआरों का दलाल प्रमेंन्द्र नामक युवक ने बताया कि वह विकास के बुलावे पर ही यहां आए हैं। समितियों ने तो मछली सहित इन मछुआरों को पकड़ लिया है, देखना है कि अब पुलिस या मत्स्य विभाग इन पर क्या कार्रवाई करता है, या फिर पूर्व की तरह इन मछुआरों को छोड़ दिया जाता है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!