सरताज सिंह होंगे होशंगाबाद विस से कांग्रेस प्रत्याशी

इटारसी। नामांकन भरने की आखिरी तारीख के कुछ घंटे पहले यह तय हो गया है कि कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में होशंगाबाद-इटारसी विधानसभा से सरताज सिंह भाजपा को चुनौती पेश करेंगे। आज नेशनल हाईवे पर स्थित होटल तवा प्लाज़ा में खुद सरताज सिंह ने इस बात को स्वीकार किया कि वे 9 नवंबर शुक्रवार को होशंगाबाद में पर्चा दाखिल करेंगे। सरताज सिंह द्वारा मीडिया के सामने इस बात की घोषणा के चंद मिनट पूर्व भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री श्याम महाजन और बैतूल विधायक तथा संभागीय प्रभारी हेमंत खंडेलवाल ने सरताज सिंह को मनाने की अंतिम कोशिश की। लेकिन, जिस अंदाज में दोनों नेता बाहर आए, उससे ही लगने लगा था कि श्री सिंह को मनाने की अंतिम कोशिश बेकार हो गई।
दशकों तक भाजपा में रहे सरताज सिंह आज कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में पत्रकारों से रूबरू हुए। भाजपा छोडऩे के सवाल पर बोले मुझे अपमान की जिंदगी स्वीकार नहीं है और ना ही मैं घर बैठने वालों में से हूं। जब तक सांस है, मैदान में रहकर जनता की सेवा करेंगे। उनसे पूछा गया कि सामने विधानसभा के अध्यक्ष और भाजपा प्रत्याशी के रूप में डॉ. सीतासरन शर्मा से चुनाव को कितना चुनौतीपूर्ण मानते हैं तो बोले, चुनाव तो युद्ध की तरह होता है, मैंने अभी हार और जीत का कोई हिसाब नहीं लगाया है। उनको कहा कि सामने डॉ. शर्मा अजेय योद्धा हैं तो श्री सिंह ने कहा कि जब सिवनी मालवा चुनाव लडऩे गया था तो वहां हजारीलाल रघुवंशी भी अजेय योद्धा थे। वे चुनाव लडऩे जा रहे हैं, हारना या जीतना नहीं सोचा है। कांग्रेस से चुनाव लडऩे के सवाल पर बोले कि मंच कोई भी हो, मेरा उद्देश्य जनता की सेवा करना है।
कांगे्रस से प्रत्याशी घोषित
इधर शाम को कांग्रेस ने पांचवी सूची घोषित कर दी है जिसमें होशंगाबाद से सरताज सिंह को प्रत्याशी बनाया है। पिपरिया से हरीश बेमन के नाम पर मुहर लग गयी है। सूत्र बताते हैं कि सरताज सिंह को कांग्रेस में लाने के लिए होशंगाबाद के पत्रकार और ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने काफी मेहनत की है। यह भी बताते हैं कि होशंगाबाद से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में सरताज सिंह को शामिल करने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से भी सरताज सिंह की बात हुई है। कांग्रेस द्वारा सरताज सिंह को प्रत्याशी घोषित करने के साथ ही अब होशंगाबाद विधानसभा से दोनों प्रमुख दल भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की चुनावी तस्वीर साफ हो गयी है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!