कागजों में हो गई आपदा प्रबंधन की तैयारी

आमजन को नहीं पता, बाढ़ आने पर क्या करेंगे
इटारसी। हर वर्ष नगर पालिका बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियां करके जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाती थी, ताकि लोगों को पता चल सके कि तेज बारिश और आपदा के समय किससे, कब और कहां संपर्क किया जा सके। लेकिन इस वर्ष नगर पालिका का स्वास्थ्य विभाग दावा तो कर रहा है कि सारी तैयारियां हो चुकी हैं, और कलेक्टर कार्यालय भी भेजी जा चुकी है। लेकिन, आश्चर्य है कि केवल कलेक्टर तक जानकारी भेजना ही सबकुछ मान लिया गया है। आमजन को इसकी जानकारी देना मुनासिब नहीं समझा गया।
हर वर्ष नगर पालिका के सभाकक्ष में बाढ़ राहत का कंट्रोल रूम बनता है, चार दल बनाकर सारी स्थिति पर नजर रखी जाती थी। सीएमओ और स्वास्थ्य अमला बाढ़ संभावित क्षेत्र का दौरा कर कार्ययोजना तैयार करता था। दावा तो अब भी किया जा रहा है कि यह सब किया जा चुका है। लेकिन, इस जानकारी से मीडिया को अवगत नहीं कराया गया। यानी नगर पालिका के अधिकारियों ने कागज पर सारी तैयारियां कर ली हैं। आमतौर पर यहां मानसून की आमद 15 जून को मानी जाती है और इससे पूर्व ही सारी तैयारियां करके न सिर्फ जिला प्रशासन को बल्कि मीडिया के माध्यम से नागरिकों को भी जानकारी दी जाती थी। इस वर्ष ऐसी कोई जानकारी मीडिया को नहीं दी। आमजन को पता ही नहीं है कि बाढ़ कंट्रोल रूम कहां बना है, उसका नंबर क्या है। शहर में किन-किन स्थानों पर बाढ़ की स्थिति में लोगों को राहत कैंपों में जाना है। शहर कि कहां और कितने राहत कैंप बने हैं।
स्वच्छता निरीक्षक आरके तिवारी बताते हैं कि हमने पूरी तैयारी कर ली है और जिला प्रशासन को जानकारी भेजी भी जा चुकी है। जबकि मुख्य नगर पालिका अधिकारी का नंबर बंद था और स्वच्छता अधिकारी का नंबर भी नहीं लग रहा था।

विभागों से 25 जून तक जानकारी मांगी
प्रदेश के जिलो में बाढ़ आपदा प्रबंधन की क्या-क्या पूर्व तैयारियां की गई है, यह जानकारी राज्य आपदा प्रबंधन ने संबंधित विभागों से 25 जून तक मांगी है। इस संबंध में प्रदेश के समस्त कलेक्टर्स एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश हैं कि वे राज्य आपदा प्रबंधन की बेवसाइट पर 25 जून तक पूर्व तैयारियों की जानकारी अपलोड करें। इटारसी नपा का कहना है कि जानकारी भेज दी गई है।
राज्य आपदा प्रबंधन के उक्त निर्देशो के परिप्रक्ष्य में होशंगाबाद कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने जिले के समस्त जिला कार्यालय प्रमुखों, जिले के समस्त अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं जिले के समस्त तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे जिले में बाढ़ आपदा प्रबंधन से निपटने के लिए अभी तक की गई पूर्व तैयारियों की जानकारी राज्य आपदा प्रबंधन की बेवसाइट पर 25 जून तक अपलोड कराना सुनिश्चित करें साथ ही अपलोड की गई जानकारी की एक प्रति राहत एवं जिला बाढ़ आपदा प्रबंधन कार्यालय कलेक्ट्रेट होशंगाबाद को अनिवार्य रूप से भिजवाना सुनिश्चित करें।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!