खसरा और रूबेला टीकाकरण अभियान 15 जनवरी से

इटारसी। बच्चों में खसरा और रूबेला रोग के टीकाकरण का अभियान 15 जनवरी से प्रारंभ होगा। यह अभियान चार सप्ताह तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत पहले दो हफ्ते स्कूली बच्चों को टीकाकरण किया जाएगा और शेष दो हफ्ते आंगनवाडिय़ों में पंजीकृत बच्चों का टीकाकरण होगा। अभियान के अंतर्गत 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण होगा। आज अभियान की जानकारी देने के लिए शहर के प्रायवेट स्कूलों के संचालक और प्राचार्यों की एक कार्यशाला डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल में हुई जिसमें अधीक्षक और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.एके शिवानी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एके चौधरी और डॉ. दिनेश यादव ने जानकारी दी।
बच्चों में होने वाले रोग मीजल्स-रूबेला की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 जनवरी से मीजल्स-रूबेला अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान में 9 माह से 15 वर्ष तक के सभी बच्चों को एमआर टीके लगाए जाएंगे। अभियान में शासकीय और निजी दोनों प्रकार के प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाईस्कूलों के बच्चों और आंगनवाडिय़ों में पंजीकृत 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को टीके लगाए जाएंगे। चार सप्ताह के इस राष्ट्रीय अभियान के प्रथम दो सप्ताह स्कूलों में टीकाकरण होना है और शेष दो सप्ताह आंगनवाडिय़ों में अभियान चलेगा। इसी अभियान की जानकारी देने के लिए आज सरकारी अस्पताल में निजी स्कूलों के संचालक और प्राचार्यों को आमंत्रित किया था। इस दौरान शिशु रोग विशेषज्ञों ने अभियान की विस्तार से जानकारी दी। यदि किसी बच्चे को पहले से यह टीका लगा हो, तो भी इस अभियान में टीका लगाया जाएगा।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय चिकित्सालय में आज हुई कार्यशाला में खसरा और रूबेला रोग के लक्षण विशेषज्ञों ने बताए और उसके उपचार और सावधानियां बतायीं। कार्यशाला में बताया कि खसरा एक संक्रामक और जानलेवा रोग है जो प्रभावित व्यक्ति के खांसने तथा छींकने से फैलता है। इसमें सामान्यत: चेहरा तथा शरीर पर गुलाबी लाल दाने या चकत्ते, अत्यधिक बुखार, खांसी, नाक बहना और आंखों का लाल होना जैसे लक्षण होते हैं। इसी तरह से रूबेला में खरिश, कम डिग्री का बुखार, मिचली और हल्के नेत्र शोध के लक्षण दिखाई देते हैं। कान के पीछे और गर्दन में सूजी हुई ग्रंथियां सबसे विशिष्ट लक्षण हो सकते हैं। संक्रमित वयस्क, ज्यादातर महिलाओं में जोड़ों में पीड़ा हो सकती है। यह वायरस लड़के और लड़कियों दोनों को संक्रमित कर सकता है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!