गौ संवर्धन के लिए आगे आए शहर के नागरिक

इटारसी। गांधीनगर स्थित शासकीय स्कूल परिसर में चल रहे साईंराजा गौ उपचार केन्द्र अर्थ के अभाव में बंद होने की कगार पर था। गौ उपचार केन्द्र में कार्यरत गौ सेवकों ने नगर के गणमान्य नागरिकों से मदद का आह्वान किया और रविवार को हुई बैठक में आए नागरिकों ने इस केन्द्र को बचाने के लिए आगे आने का भरोसा दिया।
गांधीनगर स्कूल में संचालित गौ उपचार केन्द्र, साईंराजा गौशाला के नाम से जाना जाता है। हालांकि यहां बीमार और घायल गायों का उपचार करके उनको छोड़ दिया जाता है। यानी यह केवल गौ उपचार केन्द्र है जो पिछले पांच वर्ष से संचालित हो रहा है। वर्तमान में आर्थिक संकट के चलते यह केन्द्र भी बंद होने की कगार पर आ गया था। शहर के गौ रक्षक अभिजीत यादव, लखन कश्यप, बनवारी लाल बाथरी, मोनीष दमाड़े एवं रमन शर्मा ने इसे चालू रखने के लिए नागरिकों से आह्वान किया है। समाजसेवी राजू बतरा के सहयोग से इसका संचालन हो रहा है।
रविवार की बैठक में पार्षद राकेश जाधव, मनीष ठाकुर, राकेश गौर, महेश मिहानी, अजय राजपूत आदि के समक्ष गौ सेवक बनवारी लाल बाथरी ने एक प्रस्ताव रखा कि सभी उपस्थित सदस्यों के घर पर गौ सेवा राशि के लिए गुल्लक रखे जाएंगे जिनमें प्रतिदिन वह लोग कुछ राशि गौ सेवा लिए जमा करेंगे। इन गुल्लकों को माह में एक बार गौ सेवक एकत्र करेंगे। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। इसके अलावा अन्य प्रकार की मदद देने का वादा भी उपस्थित सदस्यों ने किया है। गौ उपचार केन्द्र में गौ सेवकों ने अपने मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कये हैं। अत: जहां से भी सूचना आती है, गाय के बीमार होने या दुर्घटना होने की तो यह सेवक तत्काल मौके पर पहुंचकर उक्त गाय को अपने इस केन्द्र में लेकर आते हैं और पूर्ण उपचार तक यहां रखते हैं। लेकिन दवाओं पर आने वाला खर्च बढ़ जाने से अब यह केन्द्र बंद होने की कगार पर आ गया था। इसे लेकर ही रविवार को देर शाम यह बैठक आयोजित की गई। गौ सेवक बनवारी एवं रमन शर्मा ने बताया कि यहां आये शहर के पर्यावरण प्रेमियों सभी प्रकार के सहयोग की बात कही है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!