दुनिया की कोई भी ताकत भारत का अहित नहीं कर सकती

इटारसी। श्री द्वारिकाधीश मंदिर परिसर में श्रीराम जन्म महोत्सव का आयोजन 56 वें वर्ष में प्रारंभ हुआ। समिति पदाधिकारियों ने व्यासपीठ पर काग पीठाधीश्वर श्री महंत प्रज्ञा भारती को विराजित कराया। अध्यक्ष सतीश अग्रवाल सांवरिया, कार्यकारी अध्यक्ष जसवीर सिंह छाबड़ा एवं नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष संजय खंडेलवाल चीनी, कोषाध्यक्ष संदीप मालवीय ने व्यासपीठ का पूजन किया एवं रामायण जी के पूजन के पश्चात श्री महंत प्रज्ञा भारती को पुष्पहार अर्पित किए गए।
प्रथम दिन के प्रवचन प्रारंभ करते हुए श्री महंत प्रज्ञा भारती ने कहा कि देश की सीमाओं पर अस्थिरता का वातावरण पैदा करने का दुस्साहस हमारा पड़ोसी मुल्क कर रहा है और बार-बार मुंह की खाने की बाद भी उसे समझ नहीं आ रही है। प्रभु श्रीराम ने जिस वसुंधरा पर जन्म लिया है, उसका अहित कोई नहीं कर सकता क्योंकि इस देश की विशेषता यह है कि सारे दल सरकार किसी की भी हो लेकिन राष्ट्र की अखंडता के लिये सब एकजुट हो जाते है।
श्री महंत प्रज्ञा भारती ने कहा कि रामचरितमानस जीव के कल्याण के लिए इस कलयुग में महत्वपूर्ण महाग्रंथ है। इसकी एक-एक चौपाई और दोहे, छंद पर दुनिया के कई देशों में पीएचडी हो चुकी हैं। व्यक्ति का जीवन में व्यवहार कैसा हो यह रामकथा बताती है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की आचारसंहिता लागू है और हमें निर्धारित समय में मर्यादित समय में प्रतिदिन कथा का विश्राम कराना है, उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि कथा समय प्रतिदिन सांयकाल 7 बजे आकर अपना स्थान ग्रहण करेंगे तो उचित होगा। इसके पूर्व इटारसी पहुंचने पर श्री महंत प्रज्ञा भारती का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार चंद्रकांत अग्रवाल ने किया।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!