नपा के स्टोर से लोहे के पाइप चोरी
इटारसी। शहर में चोरों के हौंसले इतने बुलंद हो गये हैं कि वे पुलिस थाने के आसपास भी चोरी करने से बाज नहीं आ रहे। खासकर सरकारी माल पर भी हाथ डालने से उनको कोई गुरेज नहीं है। रविवार की रात अज्ञात चोरों ने ओवरब्रिज के नीचे नगर पालिका के स्टोर से बड़ी मात्रा मंल लोहे के पाइप और केबल चुरा ली।
चोरों ने पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर ओवरब्रिज के नीचे बने नगर पालिका के स्टोर पर धावा बोलकर हजारों रुपए के पुराने पाइप, केबल आदि चुरा लिये। यहां नगर पालिका का लाखों रुपए का सामान रखा रहता है। लेकिन, एक चौकीदार की व्यवस्था तक नगर पालिका नहीं कर सकती। बड़ी-बड़ी चार गोदाम हैं जिनमें पुराने कंडम वाहन, चालू वाहन, कचरा वाहन के अलावा पाइप और अन्य सामान रखा रहता है। यहां से पूर्व में भी चोरी हो चुकी है। इसके पहले भी यहां से पुराने वाहन और उनके पाट्र्स चोरी हो चुके हैं। लेकिन, पुलिस पता नहीं लगा सकी। अब फिर चोरी सक्रिय हो गये। जल विभाग के रविन्द्र जोशी ने बताया कि पुलिस में शिकायत कर दी है। कुछ पुराने पाइप और केबल थीं, जो रविवार की रात को गेट फांदकर भीतर घुसे चोरों ने उड़ा लिये। गेट के नीचे काफी जगह है, जिसमें से पाइप बाहर खींचकर चोर ले गये। वे सोमवार को भी इसी प्रयास में आए थे लेकिन सफल नहीं हो सके।