निरीक्षण : बेहतर व्यवस्था और स्वच्छता पर रहेगा फोकस

होशंगाबाद। कलेक्टर ने रविवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां डॉक्टर्स के अलावा नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों से भी मुलाकात की। अस्पताल प्रबंधन के साथ उन्होंने व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए चर्चा की। नये कलेक्टर का मानना है कि जिला अस्पताल में स्वच्छता पर फोकस किया जाए और यहां की कमियां निकालने की बजाय जो व्यवस्थाएं हैं, उनको और बेहतर कैसे बनाया जाए, इस पर काम किया जाएगा।
कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने आज जिला अस्पताल के निरीक्षण में अस्पताल के भीतर और बाहर स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिये जाने की आवश्यकता बतायी। अस्पताल प्रबंधन को उन्होंने कहा है कि जो भी अधूरे कार्य हैं, उनको दस दिन में पूरा किय जाये। अस्पताल में और क्या बेहतर किया जा सकता है, इसके लिए उन्होंने यहां के डॉक्टर्स से चर्चा कर निर्देश दिये। कलेक्टर के साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आदित्य सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भी थे।
कलेक्टर श्री भदौरिया ने बताया कि उन्होंने यहां निरीक्षण किया है। अस्पताल में जो मरीज आते हैं, उनको सही और बेहतर उपचार मिले इसके लिए चर्चा हुई है। कुछ बिन्दुओं पर चर्चा कर निर्णय लिये गये हैं जिनमें सफाई पर फोकस किया है। मेटरनिटी वार्ड, सर्जिकल वार्ड में खास ध्यान रखने और अन्य सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने पर चर्चा हुई है। इसी तरह से अस्पताल भवन के बाहर का कैम्पस सप्ताह में एक दिन विशेष तौर पर सफाई करने को कहा है। उन्होंने रोगी कल्याण समिति को और अधिक एक्टिव करके व्यवस्थाएं सुचारू बनाने को कहा है। कलेक्टर ने एनआरसी और एसएनसीयू का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं और भी बेहतर बनाने के निर्देश दिये।
अस्पताल में चल रहे कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा है। जनभागीदारी के माध्यम से और बेहतर काम करने के लिए प्रबंधन को ताकीद किया है। डॉक्टर्स की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो शासन स्तर के काम हैं, उनके लिए शासन स्तर से प्रयास किये जाएंगे। जहां तक अस्पताल में कमी मिलने की बात है तो हम कमी देखने या निकालने के स्थान पर जो चीजें वर्तमान में हैं, उनको और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!