प्रभु श्रीराम ने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए जन्म लिया

इटारसी। ग्राम तारारोड़ा में गांव के माता मंदिर का जीर्णोद्धार किया है एवं शुक्रवार से मां दुर्गा एवं भैरव बाबा की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा समारोह प्रारंभ हो गया है। यज्ञाचार्य पं. रामगोपाल त्रिपाठी शास्त्री के नेतृत्व में पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ प्रारंभ हुआ यज्ञ मंडप में प्रात:काल अरणि मंथन के द्वारा अग्नि प्राकट्य की गई और सभी देवी देवताओं की पूजन करने के पश्चात यज्ञ में आहुतियां देने का कार्य प्रारंभ हुआ।
श्रीराम कथा के तृतीय दिवस अंतराष्ट्रीय रामकथाकार प्रज्ञा भारती ने कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम ने चार प्रमुख उद्देश्यों को लेकर भारत भूमि की अवधपुरी में राजा दशरथ और माता कौशल्या के यहां पुत्र के रूप में जन्म लिया था। ”विप्र धेनु सुर संत हित। लीन्ह मनुज अवतार।। ब्राम्हण, गाय, सुर, और संत इन चारों की रक्षा प्रभु श्रीराम ने की। उन चारों की आज दुर्दशा हो रही हैं। यदि हमें प्रभु श्रीराम के चरित्र का अनुशरण करना है तो हमें ब्राम्हण, गाय, सुर और संत की सेवा करनी होगी तब ही हमारी रामभक्ति सार्थक होगी।
प्रज्ञा भारती ने कहा कि राम और लक्ष्मण दोनों मुनि विश्वामित्र के साथ अयोध्या से वन के लिए रवाना हुए आज कलयुग में कोई पिता अपने पुत्रों को इस तरह किसी आतंकी के हमले से बचाने अपने पुत्रों को भेज दे यह भारतीय सेना के अलावा सामान्य जीवन में दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि रामचरित मानस दुनिया का अद्भुद और अलौकिक ग्रंथ है। पिता के आदेश ओर राज्य के नागरिकों के प्रति अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करने में राम और लक्ष्मण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मुनियों के आश्रम की ओर कमर में पीतांबर पहने पीठ पर तरकश लगाकर दोनों हाथों में धनुष लेकर अपने लक्ष्य की ओर चल दिए। मुनि विश्वामित्र के आश्रम में प्रभु श्रीराम पहुंचे तब उन्होंने मुनियों से कहा कि आप सभी यज्ञ करें, यज्ञ शाला की रक्षा हम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने राक्षस मारीच एवं सुबाहु को यज्ञ में विघ्न डालने के पहले ही मार डाला। उसके पश्चात सारे मुनि निर्भय होकर यज्ञ करने लगे। प्रज्ञा भारती ने कहा कि हम जिस लक्ष्य को लेकर चलते हैं उसे पूरा करने के लिए हमें बहाने बनाने की वजह लक्ष्य की ओर ध्यान देना चाहिए यही श्रीराम की भक्ति हमें सिखाती है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!