राप्तीसागर में फूड पॉइजनिंग के शिकार यात्रियों को दिया उपचार

इटारसी। त्रिवेन्द्रम से गोरखपुर जा रही राप्तीसागर एक्सप्रेस में फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए कई यात्रियों को यहां इटारसी रेलवे स्टेशन पर भी स्थानीय अस्पताल की टीम ने उपचार दिया। ज्यादातर यात्रियों को नागपुर और आमला रेलवे स्टेशन पर उपचार मिल गया था। शेष को इटारसी में भी उपचार दिया। बताया जाता है कि किसी वेंडर से इन लोगों ने अंडा बिरयानी लेकर खायी थी, इसके बाद ये लोग बीमार हो गए थे। बड़ी संख्या में यात्रियों को फूड पॉइजनिंग की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन, रेलवे और जीआरपी की टीम सहित सरकारी अस्पताल का चिकित्सा दल भी रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। हालांकि सभी यात्रियों की हालत सामान्य बतायी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार नागपुर जब ट्रेन पहुंच रही थी तो यात्रियों ने पेटदर्द और उल्टी की शिकायत की थी। इसके बाद नागपुर में करीब आधा दर्जन डाक्टर्स के दल ने यात्रियों को उपचार दिया था। बीमार यात्री ट्रेन के कोच एस-7, 8 और 9 के बताए जा रहे हैं। नागपुर मंडल के पीआरओ अनिल वाल्डे के अनुसार ट्रेन करीब 5 बजेकर 24 मिनट पर नागपुर पहुंची थी और रेलवे के डॉ. प्रसन्ना, डॉ. हरीश ने यात्रियों को उपचार दिया और ओआरएस के पैकेट भी दिए। इसके बाद इटारसी में भी सूचना भेजी ताकि यहां भी यात्रियों को उपचार मिल सके। यहां ट्रेन आने पर डॉ. डीजे ब्रह्मचारी और सरकारी अस्पताल की टीम ने यात्रियों को उपचार दिया तथा उनसे तकलीफ पूछकर कुछ यात्रियों को इंजेक्शन भी दिए गए।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!