राशि खाड़े का लगातार डेढ़ सौ गीत गाने का सफर शुरु

इटारसी। शहर की प्रतिभावान गायिका राशि खाड़े का लगातार दस घंटे तक डेढ़ सौ गीत गाने का सफर आज सुबह सवा दस बजे जयस्तंभ चौक से शुरु हो गया है। मप्र विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने संगीत की देवी सरस्वती के पूजन के बाद राशि को आशीर्वाद एवं शुभकामना देकर कार्यक्रम प्रारंभ कराया। उन्होंने काफी देर बैठकर राशि के गाए गीत भी सुने।
सरस्वती वंदना से राशि ने शुरुआत की। पहला गीत, सत्यम, शिवम् सुंदरम् गाया। इसके बाद अपनी मां को स्टेज पर साथ खड़े करके तू कितनी अच्छी है, तू कितनी भोली है, गीत गाया तो सामने दर्शक दीर्घा में बैठे राशि के परिवार के सदस्य आसंू नहीं रोक सके। शहर में पहली बार किसी कलाकार द्वारा इस तरह का अनूठा प्रोग्राम किया जा रहा है। राशि डेढ़ सौ गीत गाएंगी, सौ गीत वे एकल और पचास गीत अन्य स्थानीय कलाकारों के साथ गाएंगी। राशि ने चौथा गीत चाहूंगी मैं तुझे सांझ-सवेरे गाया। राशि के साथ पहला दोगाना संजय पुरकर ने गाया, छुप गए सारे नजारे, ओए क्या बात हो गई। इसके बाद जरा सी आहट होती है, तो दिल सोचता है, कहीं ये वो तो नहीं, गीत गाया। राशि का सफर शुरु हो चुका है, वे रात दस बजे तक लगातार गाएंगी।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि राशि में खुद के बलबूते आगे बढऩे की प्रतिभा है, बावजूद इसके हम उसका उत्साहवर्धन करेंगे और उसे शिखर पर जाने के लिए जो संभव प्रयास होंगे, किए जाएंगे। इस अवसर पर नपा में सभापति जसबीर सिंघ छाबड़ा, राशि के पिता धनराज खाड़े, ताज टीवीएस के संचालक मो. अथर खान, गायक आलोक गिरोटिया, संजय पुरकर, अफसर अली सहित अन्य कलाकार भी थे।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!