सदस्यता का मिला लक्ष्य प्राप्त करेंगे : चौधरी

इटारसी। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने सदस्यता अभियान के दौरान मिले लक्ष्य में से पचास फीसदी से अधिक प्राप्त कर लिया है। संगठन को प्रदेश नेतृत्व से 11 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला था जिसमें से 7 हजार सदस्यों का लक्ष्य प्राप्त हो गया है। मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयकिशोर चौधरी ने सोमवार को यहां ईश्वर रेस्टॉरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।
इस अवसर पर भाजपा के संभागीय सदस्यता प्रभारी हंस राय, नगर सदस्यता प्रभारी पंकज चौरे, संजय रैकवार, नगर पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष दिलीप पटेल, पार्षद एवं मोर्चा की जिला मंत्री श्रीमती प्रियंका चौहान, विनोद कुशवाह, प्रशांत मनवारे, राकेश जाधव सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।
होशंगाबाद जिले में 52 फीसद आबादी वाले पिछड़ा वर्ग पर भाजपा की नजरें हैं। इस वर्ग को पार्टी से जोडऩे का अभियान भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मार्फत किया जा रहा है। जिले में संगठन को 11 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है। संगठन के जिला अध्यक्ष जयकिशोर चौधरी ने आज यहां ईश्वर रेस्टॉरेंट में सदस्यता अभियान की जानकारी प्रदान की।
भाजपा के लक्ष्य के विषय में उन्होंने बताया कि पार्टी का जिले में लक्ष्य सवा लाख का है और अब तक जिला संगठन के पास 64 हजार की सूची जमा हो चुकी है। चुनावों को लेकर इस कवायद को जोडऩे संबंधी प्रश्र पर उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन की मजबूती को लेकर ऐसे काम चलते रहते हैं। चुनावों को लेकर ऐसा कुछ नहीं होता है। गांवों के विषय में पूछने पर श्री चौधरी ने कहा कि गांवों में कांग्रेस की प्रदेश सरकार के खिलाफ माहौल है। भाजपा के नगर अध्यक्ष नीरज जैन से भी पत्रकारों ने सवाल पूछे। उन्होंने बताया कि जिले में नये सदस्य बनाने का लक्ष्य है। पुराने सदस्यों को मोबाइल नंबर से अपनी सदस्यता की तसदीक करनी है तो कर सकते हैं। इटारसी नगर के लक्ष्य के विषय में उन्होंने बताया कि शहर में हर बूथ पर सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य है और शहर में नब्बे बूथ हैं। अपराधी तत्वों की सदस्यता के विषय में श्री जैन ने कहा कि पार्टी की एक कमेटी है जो सूची को देखकर उनके रिकार्ड के अनुसार सदस्यता को मान्य या अमान्य कर सकती है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!