हाकी खिलाड़ी विवेक की नियुक्ति हुई एक्सक्यूटिव आफीसर पद पर

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य पुरूष हाकी अकादमी के प्रतिभावान अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी विवेक सागर को भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा एक्सक्यूटिव आफीसर ग्रुप -ए के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है।
विवेक सागर ने टी.टी. नगर स्टेडियम पहुंचकर आज संचालक खेल और युवा कल्याण डा. एस.एल. थाउसेन से भेंट की और उन्हें बीपीसीएल द्वारा की गई नियुक्ति के संबंध में अवगत कराया। खेल संचालक डा. थाउसेन ने विवेक सागर को उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ी खेलों में बेहतर कैरियर बना सकते हैं। खेल संचालक ने विवेक सागर को नियुक्ति प्रदान करने के लिए बीपीसीएल को धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर हाकी प्रशिक्षक लोकेन्द्र शर्मा भी उपस्थित थे।
विवेक सागर ने बताया कि वे बैंगलूरू में एक से 22 सितम्बर, 2019 तक आयोजित इंडिया कैम्प में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि विवेक सागर ने 17 से 21 अगस्त 2019 तक टोकियो जापान में आयोजित जापान टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए देश को स्वर्ण पदक दिलाया।

विवेक की उपलब्धियां
होशंगाबाद जिले की इटारसी तहसील के ग्राम शिवनगर चांदौन में मध्यम वर्गीय परिवार में जन्में शिक्षक के बेटे विवेक सागर ने वर्ष 2018 में फोर नेशंस टूर्नामेंट, कामनवेल्थ गेम्स, चैम्पियन ट्राफी, यूथ ओलम्पिक, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज, एशियन गेम्स तथा वर्ष 2019 में अजलान शाह हाॅकी टूर्नामेंट, आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज और फाइनल सीरीज भुवनेश्वर जैसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। विवेक सागर को यूथ ओलम्पिक में बेस्ट स्कोरर और फाइनल सीरीज भुवनेश्वर में बेस्ट जूनियर प्लेयर अवार्ड से भी नवाजा गया। एशियाड 2018 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम में शामिल मिडफिल्डर हाकी खिलाड़ी विवेक 42 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, उन्हें वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश शासन द्वारा एकलव्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!