इटारसी। शहर के मुस्कान संस्थान में रविवार को परम पूज्य श्री सत्य साई बाबा की 100वीं पावन जयंती बड़े ही दिव्य और प्रेरणादायी ढंग से मनाई गई। कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है, जिसकी शुरुआत सुबह एक रैली के साथ हुई।
आध्यात्मिक अनुष्ठान और मंगलकामनाएं
सुबह न्यास कॉलोनी से एक रैली निकाली गई, जिसने उत्सव का माहौल बना दिया। सुबह 10:30 से 12:00 बजे तक हवन सहित विभिन्न आध्यात्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया, जिनमें जनकल्याण और सर्वत्र मंगल की कामना की गई। इन अनुष्ठानों को पूर्ण श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न किया गया।
शिवानी की सगाई में विधायक ने दिया आशीर्वाद
आध्यात्मिक सत्र के बीच संस्थान में एक शुभ और हर्षोल्लास भरा कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ। मुस्कान संस्थान की बिटिया शिवानी की सगाई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. शर्मा ने सबसे पहले भगवान श्री सत्य साई बाबा की आरती कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने शिवानी को शुभाशीष देते हुए सगाई की हार्दिक बधाई दी और उनके सुखद भविष्य की कामना की।
शाम को होगा सांस्कृतिक आयोजन
दिन के आध्यात्मिक कार्यक्रम और सगाई समारोह के बाद, शाम को एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन होना शेष है, जिसमें विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।








