सिवनी मालवा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संरक्षण में जागृत हिंदू संस्कृति रक्षक मंच द्वारा आयोजित ‘विराट ईनामी भजन मंडली प्रतियोगिता’ का 26वां वार्षिक आयोजन इस वर्ष भी धूमधाम से संपन्न हुआ। डोल ग्यारस महोत्सव के अवसर पर 3 सितंबर की शाम 7 बजे से 5 सितंबर की सुबह 4 बजे तक लगातार एक दिन और दो रातों तक चली इस प्रतियोगिता में 12 विजेता मंडलों को पुरस्कृत किया गया।
इस आयोजन के संयोजक और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख, शिव राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता स्थानीय जय स्तंभ चौक के वाहन पार्किंग मैदान में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद क्षेत्र संगठन मंत्री (मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़) जितेंद्र सिंह पंवार ने क्षेत्रवासियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में श्री पंवार ने कहा कि यह देश हिंदू है तो संविधान है, और जो लोग ‘शरिया कानून’ की बात करते हैं, वे इसे मानने के लिए बाध्य नहीं हैं। उन्होंने हमारी संस्कृति के ‘सर्वे भवंतु सुखिन:’ के भाव पर जोर दिया, जबकि अन्य धर्मों की तुलना में सनातन धर्म की ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की अवधारणा को सर्वोच्च बताया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति ने कभी किसी को ताकत से नहीं जोड़ा, बल्कि संपूर्ण विश्व ने अपनी आस्था और विश्वास से इसे स्वीकारा है। उन्होंने यह भी कहा कि भजन और सत्संग भक्ति का मार्ग है और भगवान से मिलने का रास्ता है।
प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 15 मंडलों ने अपनी सुंदर प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान ‘श्री राम तेरी मूर्ति’ के अखाड़े के गुरु को ‘विशेष प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
विराट ईनामी भजन मंडली प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के रूप में कई गणमान्य नागरिक और नेता मौजूद रहे, जिनमें सिवनी मालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा, पूर्व विधायक ओमप्रकाश रघुवंशी, यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र सिंह मंडलोई, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संतोष पारीक, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वेंद्र सिंह मंडलोई और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रितेश जैन सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।
सम्मानित किए विजेता मंडल
- श्री महावीर मंडल सोयत
- शिव ज्योति सरगम मंडल तिलडिय़ा
- श्री नागराज मंडल इटारसी
- श्री सरस्वती मंडल चुना हुजूरी
- श्री कृष्ण मंडल बोरखेड़ा
- श्री शिवशक्ति मंडल नाहरकोला
- श्री नव ज्योति मंडल ज़माडा
- श्री आदर्श मंडल डोडाबानी
- श्री श्री श्रद्धा मंडल रतबाड़ा
- श्री महाकाल मंडल गनेरा
- श्री बाल योगेश्वर मंडल रानीपुर
- श्री रामकृष्ण मंडल दाविदा
- श्री ज्योति मंडल केवला झिर
इसके अतिरिक्त, सर्वश्रेष्ठ ढोलक वादक, सर्वश्रेष्ठ नर्तक और सर्वश्रेष्ठ कोरस सहित सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विनोद रघुवंशी और दीपक सोनी ने किया, जबकि निर्णायक की भूमिका में प्रकाश यदुवंशी और अजब सिंह लोवंशी थे। अंत में कार्यक्रम संयोजक शिव राठौर ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।








