नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश कड़ा माणिकपुरी जिझौतिया ब्राह्मण समाज एवं आपदा अक्षय कोष प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में साई कृष्णा हिल व्यू रिसॉर्ट में ‘प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं युवा समागम-2026’ का भव्य आयोजन किया गया।
इस प्रादेशिक समागम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के 125 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी रहे, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा और डॉ. विनय दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. द्विवेदी ने कहा कि केवल अच्छे अंक प्राप्त करना और जीवन में सफल होना दो अलग बातें हैं। उन्होंने युवाओं से अहंकार का त्याग कर धैर्य, नेतृत्व क्षमता और विनम्रता को अपनाने का आह्वान किया।
शिक्षक सम्मान की घोषणा और भागीदारी
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा ने घोषणा की है कि आगामी सितंबर माह में इटारसी में एक विशेष ‘शिक्षक सम्मान समारोह’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें 65 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त और वरिष्ठ शिक्षकों को उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस प्रादेशिक समागम में नर्मदापुरम के अलावा इटारसी, सोहागपुर, पिपरिया, खंडवा, इंदौर, भोपाल, देवास और छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में समाजजन और युवा शामिल हुए।











