सोहागपुर। नगर के परशुराम भवन में रविवार को ‘प्रतिभा सम्मान समारोह समिति’ द्वारा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस समारोह में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 80% से 90% से अधिक अंक लाने वाले लगभग 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और अनुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाऊ साहब भुस्कुटे न्यास के अध्यक्ष डॉ. अतुल सेठा और SDM प्रियंका भलावी उपस्थित रहीं। अन्य विशिष्ट अतिथियों में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लता यशवंत पटेल, उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल थे।
एसडीएम प्रियंका भलावी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, बच्चे अपना लक्ष्य समय रहते तय करें और उसे प्राप्त करने के लिए जी-तोड़ मेहनत करें। डॉ. अतुल सेठा ने विद्यार्थियों में संकल्प शक्ति भरते हुए कहा कि वे जिस भी क्षेत्र को चुनें, उसमें सदैव प्रथम आने का प्रयास करें।
इन स्कूलों के सितारे चमके
समारोह में शासकीय और अशासकीय दोनों क्षेत्रों के विद्यालयों के प्रतिभावान छात्रों को मंच प्रदान किया गया। प्रमुख रूप से इन स्कूलों के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान हुआ।
- शासकीय विद्यालय: पीएम श्री कन्या स्कूल, मातापुरा स्कूल, तिलक वार्ड स्कूल, रघुवंशीपुरा स्कूल।
- निजी विद्यालय: सांदीपनि एसजेएल, गैलेक्सी पब्लिक, सेंट पैट्रिक, सेमेरिटन, सनफ्लावर, आदर्श पब्लिक, सरस्वती शिशु मंदिर, गुरु नानक और नर्मदांचल पब्लिक स्कूल।
- प्रावीण्य सूची: जिले की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले स्वामी विवेकानंद आदर्श विद्या मंदिर (सेमरी हरचंद) और आचार्य पब्लिक स्कूल (शोभापुर) के छात्रों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सफल आयोजन और सहभागिता
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश शुक्ला, जीवन दुबे, श्वेतल दुबे, अनंत तिवारी और शाहिद खान की प्रमुख भूमिका रही। इस अवसर पर यशवंत पटेल, प्रदीप तोमर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित थे। अतिथियों ने मेधावियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।










