इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में 200 से अधिक विद्यार्थियों और महाविद्यालयीन स्टाफ ने सहभागिता कर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता और मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।शिविर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय की टीम ने अपनी सेवाएं दीं, जिनमें डॉ. सिमरनजीत सिंह गंभीर (मेडिकल विशेषज्ञ), डॉ. अनिकेत सिंह (सर्जिकल विशेषज्ञ), डॉ. कुलदीप सिंह (दंत चिकित्सक) और गणेश सिंह उपारिया (एचआईवी काउंसलर) शामिल रहे।
इस दौरान सीबीसी, एलएफटी, केएफटी एचआईवी, थायराइड, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर सहित कई महत्वपूर्ण जांचें की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, समय पर चिकित्सकीय परामर्श, दांतों की स्वच्छता और एचआईवी के प्रति भ्रांतियां दूर कर वैज्ञानिक तथ्यों पर विश्वास करने के प्रति जागरूक किया। प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने स्वस्थ शरीर को सफलता का आधार बताते हुए इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे और प्राचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. मनीष कुमार चौरे ने किया, जबकि अभियान प्रभारी डॉ. रश्मि तिवारी ने आभार व्यक्त किया। इस शिविर ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और अनुशासित दिनचर्या को जीवन का अभिन्न अंग बनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।











