21वीं सदी भारत की सदी है: संस्कृति मंत्री

वीरगाथाओं से भावी पीढ़ी को अवगत कराना हमारी जिम्मेदारी
रामचरितमानस के अयोध्या कांड पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता
होशंगाबाद। संस्कृति ,पर्यटन एवं अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर (Culture, Tourism and Spirituality Minister Usha Thakur) ने कहा है कि संस्कृति पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तांतरित होती हैं। कालजयी, विश्व विजय भारतीय संस्कृति आने वाली पीढ़ी को हस्तांतरित की जा सके, इसके लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
संस्कृति मंत्री ठाकुर मंगलवार को होशंगाबाद के नर्मदा महाविद्यालय में आयोजित रामचरितमानस के अयोध्या कांड पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं कार्यशाला को संबोधित कर रही थी। मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी है। हमारा दायित्व है कि हम भगवान राम के सद्गुणों और जीवन आचरण से भावी पीढ़ी को अवगत कराएं ताकि वे उत्कर्ष को प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि हम आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। देश को स्वतंत्रता दिलाने वाले हमारे महान क्रांतिकारियों और शहीदों की वीर गाथाओं से भावी पीढिय़ों को अवगत करा उन्हें इन महान विभूतियों के पदचिन्हों पर चलने के लिए प्रेरित करना हम सबकी जिम्मेदारी हैं।
संस्कृति, अध्यात्म शिक्षा एवं तुलसी मानस संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विधायक होशंगाबाद डॉ. सीतासरन शर्मा (MLA Hoshangabad Dr. Sitasaran Sharma), पूर्व विधायक गिरिजा शंकर शर्मा (MLA Former MLA Girija Shankar Sharma), तुलसी मानस संस्थान के रघुनंदन शर्मा, भरत व्यास, ओपन स्कूल बोर्ड के भरत झा, प्राचार्य नर्मदा महाविद्यालय ओएन चौबे, संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग अरविंद सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना से किया। आयुषी पालीवाल एवं साथी ने सुमधुर सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी।