इटारसी। नगर के साईंनगर कॉलोनी, न्यू यार्ड स्थित श्री प्रज्ञा श्याम सुंदर आश्रम के प्रसिद्ध काले महादेव मंदिर परिसर में 24 घंटे की अखंड रामसत्ता का धार्मिक आयोजन प्रारंभ हुआ है। भक्तिमय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित भजन मंडलियां भाग ले रही हैं, जिससे पूरा परिसर संगीतमय और राममय हो उठा है।
यह धार्मिक अनुष्ठान नंदकिशोर एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित कराया जा रहा है। अहोरात्र चलने वाले इस आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से आई भजन मंडलियां प्रभु श्रीराम के भजनों की संगीतमय प्रस्तुतियां दे रही हैं।
स्थानीय नागरिक निभा रहे सक्रिय भूमिका
आयोजन को सुचारू और सफल बनाने में मंदिर के पुजारी पंडित नीलेश मिश्रा, धन सिंह राजपूत, हीरो भाई सहित स्थानीय नागरिकों और महिला मंडल का विशेष सहयोग मिल रहा है। श्रद्धालु एवं महिला मंडल की सदस्य व्यवस्थाएं संभालने के साथ-साथ भजन-कीर्तन में बढ़-चढ़कर सहभागिता दर्ज करा रही हैं।











