नर्मदापुरम/माखननगर। सरकारी मूंग की आड़ में मिट्टी का बड़ा खेल! नर्मदापुरम जिले के माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए सरकारी मूंग में बड़े पैमाने पर मिट्टी की मिलावट के सनसनीखेज मामले में कलेक्टर सोमेश मिश्रा के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासनिक जांच दल ने वेयरहाउस को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है और तीन मुख्य जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।
बोरियों में अनाज नहीं, निकली सिर्फ मिट्टी!
एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता वाली संयुक्त जांच टीम ने जब ग्राम गुराडिय़ा कला स्थित वेयरहाउस के 23 स्टेकों का औचक निरीक्षण किया, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। कई बोरियों में मानकों से कई गुना अधिक मिट्टी और कंकड़ भरे थे, तो कई बोरियां ऐसी मिलीं जिनमें मूंग का एक दाना तक नहीं था—पूरी बोरी केवल मिट्टी से भरी हुई थी!
सरकार को 28.14 करोड़ का फटका
प्रयोगशाला भेजी गई नमूनों की रिपोर्ट और जांच में स्पष्ट हुआ कि वर्ष 2023-24 और 2024-25 में मार्कफेड व नाफेड द्वारा भंडारित 31,298.89 क्विंटल मूंग में भारी मिलावट की गई है। इस फर्जीवाड़े से मध्य प्रदेश सरकार को लगभग 28.14 करोड़ रुपये की चपत लगी है।
इन 3 बड़े चेहरे पर गिरी गाज
प्रशासनिक जांच में लापरवाही, निगरानी के अभाव और शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग का दोषी पाए जाने पर जिला विपणन अधिकारी अनिल जैन की शिकायत पर माखननगर थाने में तारेश पुरोहित, संचालक, कनकधारा वेयरहाउस, श्याम होसले तत्कालीन शाखा प्रबंधक, वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन, माखननगर, वासुदेव दावन्डे जिला प्रबंधक, मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन, नर्मदापुरम पर मामला दर्ज किया है।
इनका कहना है…
जिले में सरकारी योजनाओं और खरीदी में किसी भी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर स्नढ्ढक्र दर्ज की गई है। जिले के अन्य सभी वेयरहाउसों का भी लगातार औचक निरीक्षण जारी रहेगा।
— देवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम, नर्मदापुरम











