इटारसी।। देश में बाघों की स्थिति और वितरण के सटीक वैज्ञानिक मूल्यांकन के उद्देश्य से अखिल भारतीय बाघ आकलन-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के चूरना वन परिक्षेत्र अंतर्गत भीमकुंड पर्यटन द्वार स्थित तवा सभागार में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यशाला में बैतूल एवं होशंगाबाद वनवृत्त तथा रामपुर-भतौड़ी प्रोजेक्ट (बैतूल) के कुल 36 मैदानी वनकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान वन्यजीव विशेषज्ञ कर्मचारियों—राजेश पटेल वनपाल, विजय कुमार बामने वनपाल, अनिल कुमार शाक्य वनरक्षक एवं अमित कौरव वनरक्षक ने प्रतिभागियों को बाघों की मौजूदगी से जुड़े अप्रत्यक्ष साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन और मैदानी आंकड़ों के त्रुटिरहित अभिलेखीकरण की तकनीकें सिखाईं।
विशेषज्ञों ने जोर देकर कहा कि आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मैदानी स्तर पर तय प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पूरी प्रक्रिया में एकरूपता लाना और वैज्ञानिक मूल्यांकन को अधिक मजबूत बनाना है।











